उज्जैन में महाकाल की राजसी सवारी की तैयारी तेज: महापौर ने सड़क चौड़ीकरण का काम देखा; अच्छे काम के निर्देश दिए

उज्जैन। बाबा महाकाल की राजसी सवारी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम शहर के प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण और सुधार का काम तेजी से कर रहा है। कंठाल चौराहा से सतीगेट होते हुए छत्रीचौक तक सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है, ताकि श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही सुगम हो सके।
सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखकर हो रहा काम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार सिंहस्थ महापर्व-2028 को ध्यान में रखते हुए राज्य शासन से प्राप्त राशि से शहर के प्रमुख आंतरिक मार्गों का चौड़ीकरण और उन्नयन किया जा रहा है। इसी योजना के तहत कंठाल से छत्रीचौक तक का मार्ग भी सुधारा जा रहा है।
महापौर ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
शुक्रवार को महापौर मुकेश टटवाल कंठाल चौराहा, सतीगेट और छत्रीचौक पहुंचे। उन्होंने सड़क चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
गुणवत्ता और समय सीमा पर दिया जोर
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाबा महाकाल की राजसी सवारी से पहले सभी कार्य गुणवत्ता के साथ और तय समय सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार यह मार्ग राजसी सवारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सड़क चौड़ी होने से भीड़ और यातायात को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी और श्रद्धालुओं को आने-जाने में बेहतर सुविधा मिल सकेगी।