गंधवानी में मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम का शुभारंभ: अधिकारियों ने हितग्राहियों की समस्याएं सुनीं; कई मामलों का मौके पर निराकरण

धार। जनपद पंचायत गंधवानी में मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश मोटसरा, जनपद प्रतिनिधि नेपाल मंडलोई, पत्रकार हरिओम मालविया, तहसीलदार बामनिया, जनपद सीईओ राधा डावर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं हितग्राही मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन गोविंद निगवाल ने किया।
योजनाओं की दी जानकारी
अपने संबोधन में भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश मोटसरा ने केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, संबल योजना, लाड़ली बहना योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
पंचायत स्तर पर बेहतर काम की जरूरत बताई
राकेश मोटसरा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यदि पंचायत स्तर पर कर्मचारी जिम्मेदारी से कार्य करें तो लोगों को योजनाओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के उस भाव का उल्लेख किया कि “जनता ही भगवान है और जनसेवा ही सबसे बड़ा दायित्व है।”
अधिकारियों को दिए निर्देश
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों से क्षेत्र में नियमित भ्रमण करने तथा लोगों से आत्मीय संवाद बनाए रखने का आग्रह किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों को प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
कई विभागों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में पुलिस विभाग, जनपद पंचायत, राजस्व विभाग, विद्युत विभाग, नल-जल विभाग, लोक निर्माण विभाग (PWD), महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। विभागीय अधिकारियों ने हितग्राहियों की समस्याएं सुनीं और कई पात्र मामलों में मौके पर ही कार्रवाई कर राहत प्रदान की।
एक ही स्थान पर मिलीं विभागीय सेवाएं
मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी और विभागीय सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। उपस्थित हितग्राहियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।