| | | | | |

धार IGM कॉलेज प्रशासन को दी मान्यता रद्द कराने की धमकी: पैसे मांगे; छात्रा ने की सुरक्षा और FIR की मांग

धार। आईजीएम होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, धार के संयुक्त सचिव (प्रशासन) डॉ. जमील शेख और कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने सोनाली पटेल, मोइन खान और उनके कुछ साथियों के खिलाफ थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में ब्लैकमेलिंग, अवैध वसूली, धमकी और सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो फैलाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

कॉलेज प्रशासन ने बताया कि सोनाली पटेल पहले अस्पताल में अस्थायी रूप से काम करती थी। प्रबंधन के अनुसार, उससे मेडिकल डिग्री और आयुष परिषद का रजिस्ट्रेशन मांगा गया था, लेकिन वह दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसके बाद उसे संस्थान से हटा दिया गया।

मान्यता रद्द कराने की धमकी का आरोप
प्रबंधन का आरोप है कि संस्थान से हटाए जाने के बाद सोनाली पटेल कॉलेज और अस्पताल की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है। शिकायत में कहा गया है कि वह कॉलेज की मान्यता रद्द कराने का डर दिखाकर पैसों की मांग कर रही है और पैसे नहीं देने पर सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर बदनाम करने की धमकी देती है। कॉलेज प्रशासन ने यह भी बताया कि इंस्टाग्राम पर अपलोड किए गए एक वीडियो को लेकर उसके खिलाफ कानूनी नोटिस भेजा गया है।

इंदिरा गांधी मेमोरियल होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज, धार: परिचय, प्रवेश, शुल्क - होम्योपैथी प्रवेश | होम्योपैथी प्रवेश

छात्रों से 25 से 50 हजार रुपए मांगने का आरोप
कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने आरोप लगाया कि सोनाली पटेल, शेखर पटेल और मोइन खान फोन और मैसेज के जरिए छात्रों को दूसरे कॉलेजों में शिफ्ट कराने का दबाव बना रहे हैं। इसके लिए प्रति छात्र 25 हजार से 50 हजार रुपए तक की मांग किए जाने की बात शिकायत में कही गई है।

परीक्षा में नकल कराने के नाम पर वसूली का आरोप शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मोइन खान पीजी कॉलेज में परीक्षा के दौरान छात्रों को नकल कराने का झांसा देकर 5 हजार से 10 हजार रुपए तक की वसूली करता है। छात्रों का कहना है कि डर दिखाकर उनसे पैसे मांगे जाते हैं।

छात्रों ने सुरक्षा और सख्त कार्रवाई की मांग की
आईजीएम कॉलेज के प्रथम, द्वितीय, तृतीय और अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। छात्रों ने कॉलेज और हॉस्टल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की भी मांग की है।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
छात्रों ने कहा कि यदि समय रहते निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो वे शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध-प्रदर्शन या हड़ताल करने के लिए बाध्य होंगे।

पुलिस से FIR दर्ज करने की मांग
कॉलेज प्रशासन और छात्रों ने कोतवाली थाना प्रभारी से ब्लैकमेलिंग, रंगदारी, साइबर अपराध और अवैध वसूली के मामले में तत्काल FIR दर्ज करने तथा कॉलेज परिसर में पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रकरण की जांच और आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जाएगी।

Share