|

पटना सड़क हादसे में युवक की मौत: भड़के लोगों ने 10 गाड़ियों में लगाई आग; ट्रैफिक पुलिस की चौकी लूटी

पटना। सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद लोगों ने बस में आग लगा दी। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया। कई वाहनों व पुलिस चौकी को निशाना बनाया गया। तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना शुक्रवार सुबह की है। सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। इसके बाद हालात बेकाबू हो गए। अगमकुआं थाना क्षेत्र के पास यह हादसा हुआ। घटना से गुस्साए लोगों ने बस में आग लगा दी। फिर कई वाहनों व पुलिस चौकी को निशाना बनाया गया।

बस में आग, पुलिस वाहनों समेत करीब 10 गाड़ियां फूंकी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद लोगों ने सबसे पहले दुर्घटना में शामिल बस को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद भीड़ ने दो पुलिस वाहनों, अन्य बसों और बाइक समेत करीब 10 वाहनों में आग लगा दी। जीरो माइल स्थित ट्रैफिक पुलिस पोस्ट में भी आग लगा दी गई। जबकि एक अन्य चेक पोस्ट पर तोड़फोड़ और सामान ले जाने की घटना भी सामने आई।

फायर ब्रिगेड और पुलिस को भी रोका
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। भीड़ ने उन्हें आग बुझाने से रोक दिया। हालात बिगड़ने पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस के अनुसार भीड़ को नियंत्रित करने के लिए थोड़े बल प्रयोग भी करना पड़ा।

NH-30 पर लगा जाम, पत्रकारों से मारपीट
उपद्रव के दौरान प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाईवे-30 पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। मौके पर मौजूद कुछ पत्रकारों के साथ मारपीट की भी सूचना है। तनाव को देखते हुए क्षेत्र में 9 थानों की पुलिस तैनात की गई।

मृतक के परिजनों ने मुआवजे की मांग की
मृतक की पहचान तकिया गांव निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है। उनके पिता उमेंद्र महतो ने बताया कि मनीष फ्लेक्स लगाने का काम करता था और शुक्रवार सुबह काम पर निकला था, तभी हादसे का शिकार हो गया। परिजनों ने सरकार से मुआवजे की मांग की है।

पहले बस में फिर ट्रैफिक पोस्ट में लगाई आग  
ट्रैफिक सार्जेंट मेजर दीपक ठाकुर ने बताया कि हादसे के बाद पहले बस में आग लगाई गई और फिर ट्रैफिक पोस्ट को भी जला दिया गया। उन्होंने कहा कि मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी, जिसके कारण हालात तेजी से बिगड़ गए।

बस में सवार यात्री सुरक्षित निकले
जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल बस पश्चिम बंगाल से आ रही थी। बस में यात्री सवार थे, लेकिन आग लगने से पहले सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए।

बस, पुलिस वाहनों और अन्य संपत्ति में लगाई आग
युवक सड़क पार करते समय बस की चपेट में आ गया था। हादसे के बाद भीड़ में कुछ उपद्रवी तत्व शामिल हो गए, जिन्होंने बस, पुलिस वाहनों और अन्य संपत्ति में आग लगा दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है। -राज कुमार सिंह, एएसपी

Share