|

विजयपत सिंघानिया का आज मुंबई में अंतिम संस्कार, उद्योग जगत ने दी श्रद्धांजलि

देश के जाने-माने उद्योगपति और Raymond Group के पूर्व अध्यक्ष विजयपत सिंघानिया का 87 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार आज मुंबई में किया जाएगा।

शनिवार को मुंबई में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से उद्योग जगत में शोक की लहर है। परिवार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दोपहर 1:30 बजे एलडी रूपारेल मार्ग स्थित हवेली में उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे चंदनवाड़ी श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार होगा।

उनके बेटे गौतम सिंघानिया, जो वर्तमान में Raymond Group के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक हैं, ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यह जानकारी साझा की।

विजयपत सिंघानिया न केवल एक सफल उद्योगपति थे, बल्कि एविएशन के क्षेत्र में भी उनकी गहरी रुचि थी। उन्होंने हॉट एयर बैलून से सबसे अधिक ऊंचाई तक पहुंचने का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था।

उन्होंने लगभग दो दशकों तक Raymond Group का नेतृत्व किया और एक छोटी कपड़ा मिल को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 2000 में उन्होंने कंपनी की कमान अपने बेटे गौतम सिंघानिया को सौंप दी थी और अपनी 37 प्रतिशत हिस्सेदारी भी उन्हें दे दी थी।

हालांकि, समय-समय पर पिता-पुत्र के बीच कानूनी विवाद भी सामने आए, लेकिन बाद में दोनों ने आपसी सहमति से इन विवादों को सुलझा लिया।

विजयपत सिंघानिया का योगदान भारतीय उद्योग जगत में हमेशा याद किया जाएगा।

Share

Similar Posts