उत्तराखंड में घर बसाना चाहते हैं ऋषभ पंत: CM धामी से जमीन खरीदने में मदद मांगी; 3 साल से जमीन की तलाश में है

भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने उत्तराखंड में जमीन खरीदने में आ रही दिक्कतों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद की अपील की है। पंत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि वे दिल्ली से उत्तराखंड शिफ्ट होकर अपने गृहराज्य में घर बनाना चाहते हैं, लेकिन पिछले तीन वर्षों से प्रयास करने के बावजूद जमीन नहीं मिल पा रही है।
पंत ने लिखा कि उन्हें अपना उत्तराखंड बेहद पसंद है और वे भविष्य में अपने पहाड़ी क्षेत्र के लोगों के बीच रहकर योगदान देना चाहते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने और जमीन खरीदने की प्रक्रिया में सहायता करने का अनुरोध किया।

सरकारी दर पर जमीन लेने की बात कही
अपनी पोस्ट के बाद पंत ने एक अन्य संदेश में कहा कि यदि अनुमति मिले तो वे राज्य सरकार से निर्धारित सरकारी दर पर जमीन खरीदना चाहेंगे। उनका कहना था कि अपने राज्य में पहला घर बनाना उनके लिए विशेष महत्व रखता है।
राज्य के प्रमुख टैक्सदाताओं में शामिल
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में ऋषभ पंत उत्तराखंड के सबसे बड़े व्यक्तिगत आयकरदाताओं में शामिल रहे हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने करीब 23.84 करोड़ रुपए आयकर के रूप में जमा किए।

रुड़की से शुरू हुआ क्रिकेट करियर
ऋषभ पंत का जन्म हरिद्वार जिले के रुड़की में हुआ था। शुरुआती क्रिकेट वहीं से शुरू करने के बाद उन्होंने पेशेवर क्रिकेट के लिए दिल्ली का रुख किया, जहां से उन्होंने घरेलू क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई।
IPL में फिर दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ने की चर्चा
पंत ने IPL में अब तक 139 मैचों में 3,865 रन बनाए हैं। वे 2016 से 2024 तक दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेले। 2025 मेगा ऑक्शन से पहले टीम से अलग होने के बाद उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रतिनिधित्व किया। अब रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2027 सीजन में उनके फिर से दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ने की संभावना जताई जा रही है।