मऊगंज में माली ने लगाए घायल के सिर पर टांके: वीडियो की जानकारी मिलते ही उपचार बीच में छोड़ा; डॉक्टरों पर उठे सवाल

मऊगंज। स्वास्थ्य केंद्र से सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सामने आया है। एक वीडियो में अस्पताल का माली जानकी कुशवाहा ग्लव्स पहनकर एक घायल मरीज के सिर पर टांके लगाता नजर आ रहा है। आरोप है कि अस्पताल में डॉक्टरों की गैरमौजूदगी के दौरान घायल मरीज का इलाज माली से कराया गया।
मामला 21 जुलाई का बताया जा रहा है। जमीन विवाद में घायल छोटेलाल कोल इलाज के लिए नईगढ़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे। वायरल वीडियो में माली मरीज के सिर पर टांके लगाते दिखाई दे रहा है। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि उस समय अस्पताल में डॉक्टर मौजूद नहीं थे, जिसके चलते मरीज का उपचार माली द्वारा किया गया।
वीडियो बनने की जानकारी मिली तो उपचार बीच में छोड़ा
वायरल वीडियो में माली मरीज के सिर पर टांके लगाता दिखाई देता है। बताया जा रहा है कि इसी दौरान उसे वीडियो बनाए जाने की जानकारी मिली, जिसके बाद वह उपचार बीच में छोड़कर वहां से चला गया। आरोप है कि उस समय मरीज के सिर में सुई लगी रह गई और वह दर्द से परेशान होता रहा। बाद में माली ने दोबारा पहुंचकर टांके पूरे किए।
अस्पताल की व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य केंद्र की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि अस्पताल में डॉक्टर और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे, तो एक माली से घायल मरीज के सिर पर टांके क्यों लगवाए गए? वहीं, यदि डॉक्टर ड्यूटी से अनुपस्थित थे तो उनकी गैरमौजूदगी की जिम्मेदारी किसकी है?
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नईगढ़ी अस्पताल में अव्यवस्थाओं और लापरवाही की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। लोगों ने मामले की जांच कर दोषी कर्मचारियों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटना के दौरान ड्यूटी कर्मचारी की मौजूदगी पर जांच
वायरल वीडियो के बाद अब पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के समय अस्पताल में कौन-कौन कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद था और मरीज का उपचार किस परिस्थिति में माली से कराया गया। फिलहाल वायरल वीडियो ने नईगढ़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।