रीवा में D-Mart पर खाद्य विभाग का छापा: गोवर्धन घी के 198 पैकेट जब्त; 150 लीटर स्टॉक की बिक्री पर रोक

रीवा। शुद्ध खान-पान सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस बार प्रशासनिक टीम ने रीवा स्थित डी-मार्ट स्टोर पर छापा मारकर ‘गोवर्धन’ ब्रांड के घी का बड़ा स्टॉक अपने कब्जे में लिया है।जांच में गुणवत्ता फेल होने के बाद यह कदम उठाया गया है।
भोपाल से मिली रिपोर्ट के बाद एक्शन
भोपाल स्थित खाद्य सुरक्षा आयुक्त कार्यालय को कुछ समय पहले गोवर्धन घी के सैंपल की जांच रिपोर्ट मिली थी। इस रिपोर्ट में उत्पाद तय मानकों पर खरा नहीं उतरा था। रिपोर्ट के आधार पर रीवा जिले के अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर स्टॉक की जांच करने के निर्देश मिले थे, जिसके बाद खाद्य सुरक्षा टीम ने डी-मार्ट पहुंचकर यह कार्रवाई की।
1 लाख से अधिक की कीमत का घी जब्त
छापेमारी के दौरान टीम ने स्टोर की इन्वेंट्री खंगाली, जहां गोवर्धन घी के कुल 198 पैकेट बरामद किए गए। ज़ब्त किए गए इस घी की कुल मात्रा लगभग 150 लीटर है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 1 लाख 29 हजार रुपए आंकी गई है। फिलहाल, संबंधित ब्रांड के इस पूरे स्टॉक की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।

पुणे की कंपनी से हुई थी सप्लाई
जांच में यह बात सामने आई है कि यह संदिग्ध घी महाराष्ट्र के पुणे स्थित ‘पराग मिल्क फूड्स लिमिटेड’ द्वारा डी-मार्ट को सप्लाई किया गया था। खाद्य विभाग अब इस खेप के बैच नंबर और अन्य सप्लाई दस्तावेजों की गहराई से जांच कर रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस बैच का कितना माल और कहां-कहां खपाया गया है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों का साफ कहना है कि जिले में अमानक और मिलावटी खाद्य सामग्रियों की बिक्री किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में इस तरह की औचक निरीक्षण कार्रवाई और अधिक सख्ती से जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक प्रक्रिया के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।