UPCA अंडर-15 महिला क्रिकेट ट्रायल के लिए मंडल की 17 खिलाड़ी चयनित, 8 जून को कानपुर में होगा जोनल ट्रायल
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के तत्वावधान में सत्र 2026-27 के लिए आयोजित होने वाले अंडर-15 महिला क्रिकेट खिलाड़ियों के जोनल ट्रायल हेतु मुरादाबाद मंडल की 17 प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन किया गया है। चयनित खिलाड़ी 8 जून को कानपुर के कमला क्लब में होने वाले जोनल ट्रायल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन मुरादाबाद के सचिव एवं पूर्व रणजी खिलाड़ी विजय गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी चयनित खिलाड़ियों को ट्रायल के दिन सुबह 7 बजे तक कमला क्लब, कानपुर में उपस्थित होना अनिवार्य है। खिलाड़ियों को अपने साथ आधार कार्ड और मूल जन्म प्रमाणपत्र भी लाना होगा।
उन्होंने बताया कि जोनल ट्रायल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर प्रदेश स्तरीय टीम के लिए चयन किया जाएगा। ऐसे में यह ट्रायल युवा महिला क्रिकेटरों के लिए अपनी प्रतिभा साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
जोनल ट्रायल के लिए चयनित खिलाड़ियों में वर्णवि, वैष्णवी, कनिका चौधरी, आलिया, ईशानी, अंकिता सिंह, प्रियांशी आर्या, प्रतीक्षा यादव, आराध्या गौतम, संदेश शाकिर, पायल, दृष्टि, अंशिका, गुंजन चौधरी, तान्या श्रीवास्तव, निकिता दास और वंशिका शर्मा शामिल हैं।
विजय गुप्ता ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मंडल की इन प्रतिभाशाली क्रिकेटरों के पास प्रदेश स्तर तक पहुंचने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी जोनल ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तर प्रदेश टीम में अपना स्थान बनाने में सफल रहेंगी।
