| |

उज्जैन में लाखों की चोरी: चैनल बंद होने से पहले ही कॉम्प्लेक्स में छिपा चोर: CCTV में रिकॉर्ड हुई घटना

उज्जैन। रविवार की रात उज्जैन के व्यस्त टॉवर चौक स्थित एलएम कॉम्प्लेक्स में चोरी हो गई। नकाबपोश बदमाशों ने एक साथ कई ऑफिसों के ताले तोड़कर सामान खंगाला और कुछ कार्यालयों से हजारों का माल चोरी किया।

सुबह घटना का पता चलते ही हड़कंप मच गया। सूचना पर माधवनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में एक बदमाश हाथ में ग्लव्स पहने नजर आया। पुलिस अब फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने और उसे पकड़ने में जुटी है।

सीसीटीवी फुटेज से होगी बदमाशों की तलाश 
घटना टॉवर चौक स्थित चार मंजिला एलएम कॉम्प्लेक्स की है। रविवार सुबह कई निजी कार्यालयों के ताले टूटे मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस को जांच में पता चला कि गोयल एंड गोयल कंपनी से 50 हजार, संजय अग्रवाल के ऑफिस से 40 हजार और अतुल नीमा के कार्यालय से लगभग 80 हजार नकद चोरी हुए हैं। इसके अलावा सीए शैलेन्द्र शर्मा, सिद्धार्थ ट्रांसपोर्ट, श्रीनिधि फाइनेंस समेत कई अन्य ऑफिसों के ताले भी टूटे मिले। माधवनगर पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है।

तीन बैंको की सुरक्षा पर भी उठे सवाल
माधवनगर थाना प्रभारी गजेंद्र पचौरिया ने बताया कि चोरी की वारदात में नकाब पहने और हाथों में ग्लव्स लगाए बदमाश का CCTV फुटेज मिला है। जांच में सामने आया कि आरोपी चैनल बंद होने से पहले ही कॉम्प्लेक्स के अंदर छिप गया था। सभी के जाने के बाद उसने एक-एक कर कई ऑफिसों के ताले तोड़े, पुलिस को बदमाश स्थानीय होने का संदेह है। खास बात यह है कि कॉम्प्लेक्स में SBI, बंधन और इंडसइंड बैंक संचालित होने के बावजूद चौकीदार नहीं है। थाना प्रभारी ने सुरक्षा में लापरवाही पर सवाल उठाए।

Share