|

मप्र राज्य रैंकिंग टेबल टेनिस में इंदौर का दबदबा: मृदुल जोशी को दोहरा खिताब; 12 में से 7 ट्रॉफियां इंदौर के नाम

इंदौर। मृदुल जोशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उज्जैन के लोकमान्य तिलक स्कूल के राजा भाऊ महाकाल हॉल में आयोजित द्वितीय म.प्र. राज्य रैंकिंग टेबल टेनिस स्पर्धा में दोहरी खिताबी सफलता हासिल की। भोपाल के शिवम सोलंकी और पारमी नागदेव ने एकल वर्ग में विजेता बनने का गौरव हासिल किया। मृदुल जोशी ने बालक अंडर-19 तथा अंडर-17 वर्ग और भोपाल की खुशी बधेल ने अंडर-15 तथा अंडर-13 बालिका वर्ग में विजेता बने। स्पर्धा में कुल 12 में से 7 खिताब इंदौर ने जीते। 4 भोपाल तथा 1 उज्जैन के खाते में गया।

शिवम ने पंकज को हराकर जीता पुरुष एकल खिताब
स्पर्धा के पुरुष एकल फाइनल में शिवम ने इंदौर के पूर्व राज्य विजेता पंकज कुमार विश्वकर्मा को 4-3 से पराजित किया। पारमी नागदेव ने महिला एकल के खिताबी मुकाबले में इंदौर की भाग्यश्री दवे को मात दी। मृदुल जोशी ने अंडर-19 बालक वर्ग के फाइनल में इंदौर के ही अबु बकर को तथा अंडर-17 बालक वर्ग में इंदौर के शौर्य भाग्या को शिकस्त देकर दोहरी खिताबी सफलता अपने नाम की। महिला वर्ग के फाइनल में पराजित होने वाली भाग्यश्री दवे ने बालिका अंडर-19 वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए इंदौर की ही आराध्या राजपूत को हराया।

अद्विका और खुशी ने भी जीते खिताब
अंडर-17 बालिका वर्ग का फाइनल इंदौर का घरेलू मुकाबला था। इस मैच में अद्विका अग्रवाल ने भव्या राव को मात दी। भोपाल की खुशी बधेल ने अंडर-15 बालिका वर्ग में इंदौर की सानवी सिंघल को तथा अंडर-13 बालिका वर्ग में ग्वालियर की नव्या चतुर्वेदी को पराजित कर दोहरा खिताब हासिल किया। अंडर-15 बालक वर्ग में इंदौर के वंश चौहान ने इंदौर के ही शौर्या भाग्या को मात दी।

मेजबान उज्जैन के खाते में भी एक खिताब
मेजबान उज्जैन के खाते में भी एक खिताब गया। अंडर-11 बालक वर्ग में उज्जैन के आरव जैन ने इंदौर के कियान इंगले को हराया। इंदौर की अनिका माहेश्वरी अंडर-11 बालिका वर्ग में इंदौर की ही अनाहद कौर खालसा को हराकर खिताब अपने नाम किया। अंडर-13 बालक वर्ग में इंदौर के साकार भार्गव ने इंदौर के ही पुण्यांश जैन को शिकस्त दी।

न्यायाधीश पिल्लई ने किया पुरस्कार वितरण
स्पर्धा का समापन एवं पुरस्कार वितरण उच्च न्यायालय के न्यायाधीश जय कुमार पिल्लई और म.प्र. ओलिंपिक संघ के उपाध्यक्ष ओम सोनी के आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर उज्जैन जिला टेबल टेनिस संघ के संरक्षक कुलदीप भार्गव, प्रमोद सोनी, एस.पी. झा, निलेश वेद, सुदीप भार्गव, सतीश मेहता, गौरव पटेल, राजेश शर्मा मौजूद थे।

Share