| | | |

उज्जैन में हनुमान मंदिर हटाने के विरोध में प्रदर्शन: VHP-बजरंग दल ने किया चक्काजाम; शहर बंद की चेतावनी दी

उज्जैन। हनुमान मंदिर हटाने की कार्रवाई के विरोध में चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में विहिप, बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठन शामिल थे। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौके पर मौजूद रहे।

कंठाल चौराहे स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर को हटाने की संभावित कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन हुआ। चक्काजाम के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

मंदिर हटाने की कार्रवाई पर जताया विरोध
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रशासन से मंदिर को यथास्थान बनाए रखने की मांग की। संगठनों का कहना है कि किसी भी धार्मिक स्थल को हटाने से पहले संबंधित पक्षों की भावनाओं और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखा जाना चाहिए।
उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि शहर में पहले भी कई मंदिर हटाए गए। अब किसी अन्य मंदिर को हटाने की कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मंदिर हटाने का प्रयास किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

रात में कार्रवाई हुई तो शहर बंद की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि प्रशासन ने रात के समय मंदिर को हटाने या उससे छेड़छाड़ करने की कार्रवाई की, तो उसका कड़ा विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में शहर बंद सहित बड़े आंदोलन की रणनीति अपनाई जाएगी।

पुलिस और प्रशासन रहे मौजूद
प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में रही। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।
Share