धार में महिला को बाइक पर ले जाने का वीडियो वायरल: पुलिस ने तलाश कर थाने में पूछताछ की; महिला ने कार्रवाई से मना किया

धार। सोमवार को वायरल हुए वीडियो में महिला को दो लोगों द्वारा मारपीट कर बाइक पर बैठाकर ले जाने का मामला सामने आया। वीडियो पुलिस के संज्ञान में आने के बाद गंधवानी पुलिस ने तत्काल इसकी जांच शुरू की।
जांच में महिला की पहचान सरिताबाई पति कालिया उर्फ अनिल जमरा (30), निवासी ग्राम रायपुरिया के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, वीडियो में दो व्यक्ति बाइक से आते दिखाई दे रहे हैं।
इनमें से एक महिला का हाथ पकड़ता है और उसके विरोध करने के बावजूद उसे बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले जाता है। वीडियो सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की।
तीन सालों से अलग रह रही
जांच में पता चला कि महिला तीन सालों से अपने पति से अलग रह रही थी और अपनी इच्छा से रोहित पिता कालू मानकर, निवासी ग्राम पीथनपुर, हाल मुकाम ब्लॉक कॉलोनी गंधवानी के साथ रह रही थी। पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर को महिला गंधवानी बाजार आई थी। इसी दौरान उसका पति अनिल उसे ग्राम रायपुरिया स्थित घर ले गया।
पुलिस कार्रवाई नहीं की
पुलिस टीम ग्राम रायपुरिया पहुंची और महिला को थाने लाकर पूछताछ की। महिला ने पुलिस कार्रवाई नहीं करने की बात की। इसके बाद आवश्यक समझाइश और वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर महिला को माता और पति के साथ रवाना कर दिया गया।
जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई होगी
गंधवानी पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले वायरल वीडियो और घटनाओं की तत्काल तस्दीक कर वास्तविक तथ्यों की पुष्टि की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आवश्यकतानुसार वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।