| |

उज्जैन में गुपचुप में कीड़े मिले: ग्राहक ने कहा- पहले भी दी थी खराब मिठाई; दुकानदार बोला- पैसे वापस देंगे

उज्जैन। कोयला फाटक क्षेत्र में गुपचुप मिठाई में कीड़े नजर आए और उससे दुर्गंध भी आ रही थी। ग्राहक ने मिठाई की तस्वीरें लेकर खाद्य विभाग में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही सोमवार शाम टीम दुकान और मिठाई तैयार करने वाले कारखाने पहुंची। अधिकारियों ने मौके से मिठाई के सैम्पल जांच के लिए भेजा गया है।

मिठाई में कीड़े दिखाई दिए
ग्राहक चेतन शर्मा ने बताया कि सोमवार उन्होंने कोयला फाटक स्थित दुकान से 170 रुपए की 250 ग्राम गुपचुप मिठाई खरीदी थी। घर जाकर मिठाई में कीड़े दिखाई दिए और उसमें से दुर्गंध भी आ रही थी।उनका दावा है कि दुकान से खराब मिठाई मिलने की यह पहली घटना नहीं है। पहले शिकायत करने पर उन्हें मिठाई बदलकर दी गई थी।

दुकानदार ने किया दावा
दुकान संचालक राजकुमार गुप्ता ने सफाई देते हुए कहा कि ग्राहक को जिस ट्रे से गुपचुप मिठाई दी गई थी, उसकी जांच कराई गई और वह सामान्य मिली। संचालक के मुताबिक ग्राहक से मिठाई दुकान पर लाने के लिए कहा गया है। जांच में मिठाई खराब पाए जाने पर उसे नई मिठाई दी जाएगी। वहीं, सही पाए जाने की स्थिति में ग्राहक को पूरी राशि वापस कर दी जाएगी।

जांच रिपोर्ट का इंतज़ार
फूड ऑफिसर बसंत शर्मा ने बताया कि ग्राहक ने गुपचुप मिठाई में फंगस मिलने की शिकायत की थी। शिकायत के बाद खाद्य विभाग की टीम ने दुकान के साथ मिठाई तैयार होने वाले कारखाने का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित मिठाई का नमूना लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई तय होगी।

Share