| | |

उज्जैन में दोस्तों के बीच हुई चाकूबाजी: जन्मदिन मनाने के बाद हुआ विवाद; रहवासियों ने कहा- पुलिस प्रशासन जिंदाबाद

उज्जैन। चिमनगंज थाना क्षेत्र में शराब दुकान के पास दोस्तों के बीच हुए विवाद ने चाकूबाजी का रूप ले लिया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तारी के बाद रविवार रात 11 से 12 बजे के बीच पुलिस दोनों को बापूनगर इलाके में पैदल घुमाती नजर आई। इस दौरान पुलिसकर्मियों पर आरोपियों से मारपीट करने के आरोप भी लगे। दोनों आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

जन्मदिन मनाने के बाद हुआ विवाद
घटना शनिवार रात की है। दोस्तों की जन्मदिन पार्टी के बाद विवाद हो गया। जीवाजीगंज के तिलकेश्वर और आसपास की बस्ती में रहने वाले युवक बेगमबाग में पार्टी करने के बाद आगर रोड स्थित शराब दुकान पहुंचे थे। यहां शराब पीने के दौरान मोबाइल गिरने और उठाने की बात पर दोस्तों में बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने तूल पकड़ लिया और मामला मारपीट से होते हुए चाकूबाजी तक पहुंच गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जिला अस्पताल में भर्ती कराया
चाकूबाजी की इस घटना में यश पिता विजय, निवासी तिलकेश्वर, भोला और नवीन घायल हो गए। तीनों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दुर्लभ उर्फ रोहित, गोलू सहित सात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

स्क्वॉड के बावजूद चाकूबाजी पर सवाल
चिमनगंज थाना क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि थाने में करीब 10 से 12 पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में तैनात रहते हैं, जो इलाके में निगरानी रखने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हैं। इसके बावजूद क्षेत्र में चाकूबाजी, फायरिंग और अन्य गंभीर अपराधों की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे पुलिस की सक्रियता को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

आरोपी गिरफ्तार 
एसपी प्रदीप शर्मा के निर्देश पर बदमाशों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद क्षेत्रीय रहवासियों ने पुलिस की कार्यवाही की सराहना करते हुए कहा उज्जैन पुलिस प्रशासन जिंदाबाद।

Share