| |

उज्जैन में दिल्ली की महिला के बाल खींचे-मोबाइल छीना: महाकाल पंडित की धर्मशाला में हुआ विवाद; महिला ने वीडियो किया शेयर

उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर के से जुड़े पंडित सूर्य नारायण व्यास की धर्मशाला में दिल्ली से आई महिला श्रद्धालु के साथ मारपीट की गई। महिला ने आरोप लगाया कि महिला सुरक्षाकर्मियों ने उनके साथ हाथापाई करते हुए बाल खींचे और मोबाइल भी छीन लिया।

बताया जा रहा है कि पूरी घटना उनकी 13 साल बेटी के सामने हुई। घटना के बाद महिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर अपनी आपबीती बताई। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया।

कमरा मांगने पर शुरू हुआ विवाद
पूरी घटना 16 सितंबर की बताई जा रही है। दिल्ली की श्रद्धालु प्रेरणा गर्ग अपनी 13 वर्षीय बेटी के साथ महाकाल मंदिर समिति की पंडित सूर्य नारायण व्यास धर्मशाला पहुंचीं थीं। उन्होंने कर्मचारियों से कमरे की जानकारी लेते हुए पूछा कि कोई कमरा चेक-आउट या बुकिंग रद्द होने से खाली हुआ है क्या।

ऑनलाइन होटल खोजने पर ग़ुस्सा हुए
जवाब नहीं मिलने पर प्रेरणा ने परिसर में बैठकर ऑनलाइन होटल खोजने की बात कही। आरोप है कि इसी दौरान सुरक्षाकर्मियों ने उनसे अभद्रता करते हुए बाहर जाने को कहा। वजह पूछने पर विवाद बढ़ गया और महिला के साथ कथित तौर पर हाथापाई शुरू कर दी गई।

13 वर्षीय बेटी के सामने की हाथापाई
पीड़िता के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर वहां मौजूद महिला सुरक्षाकर्मियों ने भी उनके साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की और मारपीट की। अचानक हुए घटनाक्रम से उनकी 13 वर्षीय बेटी घबरा गई। महिला का आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों ने घटना रिकॉर्ड करने से रोकने के लिए उनका मोबाइल फोन भी ले लिया। ट्रेन का समय नजदीक होने के चलते वह मंदिर समिति में शिकायत नहीं दे सकीं। बाद में पुलिस के पहुंचने पर उन्होंने महाकाल थाने में आवेदन दिया।

पुलिस जांच में जुटी
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल के अनुसार, महिला श्रद्धालु ने मारपीट और अभद्रता का आरोप लगाते हुए लिखित आवेदन दिया है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की पड़ताल कर रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

समिति का मामले की जानकारी से इनकार
महाकाल मंदिर समिति के सहायक प्रशासक आशीष पलवड़िया ने बताया कि संबंधित मामला उनके संज्ञान में आया है। हालांकि, मंदिर समिति को अभी तक इस घटना को लेकर कोई प्रत्यक्ष शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि संबंधित वीडियो भी उन्होंने फिलहाल नहीं देखा है। शिकायत और वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी। जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

Share