| | | |

उज्जैन में आधुनिक बीमारियों पर सेमीनार: देशभर के आयुर्वेद विशेषज्ञ होंगे शामिल; इलाज पर होगा मंथन

उज्जैन। शहर में बदलती जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों पर देशभर के आयुर्वेद विशेषज्ञ मंथन करेंगे। शासकीय धन्वंतरि आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय में 2 और 3 अक्टूबर को दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित होगा।

‘होलिस्टिक एप्रोचेस ऑफ आयुर्वेद इन द मैनेजमेंट ऑफ लाइफ स्टाइल डिसऑर्डर्स’ विषय पर होने वाले आयोजन में मधुमेह, हाई ब्लड प्रेशर सहित अन्य रोगों के प्रबंधन पर चर्चा होगी।

सेमिनार में 500 से अधिक आयुर्वेद विशेषज्ञ, चिकित्सक, वैज्ञानिक और शोधार्थी शामिल होकर उपचार और शोध से जुड़े अनुभव साझा करेंगे।

आधुनिक बीमारियों में आयुर्वेद की भूमिका
सेमिनार में आयुर्वेद की भूमिका को आधुनिक जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के समाधान के रूप में समझाया जाएगा। वैज्ञानिक सत्रों में मधुमेह, हाई ब्लड प्रेशर और अन्य रोगों की रोकथाम, उपचार व प्रबंधन पर शोध साझा होंगे। विशेषज्ञ अपने अनुभव बताएंगे। शोध पत्र और पोस्टर प्रस्तुतियों के जरिए नई उपचार तकनीकों और प्रभावी आयुर्वेदिक उपायों पर मंथन होगा।

शोध का फायदा आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर
शासकीय आयुर्वेद कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य एवं आयोजन अध्यक्ष डॉ. ओपी व्यास ने बताया कि राष्ट्रीय सेमिनार में देशभर से वैज्ञानिक, विशेषज्ञ और शोधार्थी शामिल होंगे। इस दौरान आयुर्वेद से जुड़े विभिन्न विषयों पर हो रहे शोध, उनके निष्कर्ष और उपयोगिता पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

आमजन तक पहुंचाना उद्देश्य 
आयोजन का मुख्य उद्देश्य शोध को सिर्फ शैक्षणिक दायरे तक सीमित न रखकर आमजन तक पहुंचाना है। विशेषज्ञों के मंथन से जीवनशैली संबंधी बीमारियों की रोकथाम और बेहतर उपचार के लिए प्रभावी वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायता मिलेगी।

25 साल पूरे होने पर एलुमनाई मीट भी
राष्ट्रीय सेमिनार के साथ कॉलेज में सिल्वर जुबली पीजी एलुमनाई मीट-2026 का आयोजन भी होगा। वर्ष 2001 में शुरू हुए पीजी पाठ्यक्रम के 25 साल पूरे होने पर यह विशेष मिलन समारोह रखा गया है। कार्यक्रम में पीजी के अलावा बीएएमएस के पूर्व विद्यार्थियों को भी आमंत्रित किया गया है। पुराने छात्र एक-दूसरे से मिलकर कॉलेज से जुड़ी यादें साझा करेंगे।

Share