| |

रीवा में बस-ट्रक की टक्कर में 5 की मौत: 20 संजय गांधी अस्पताल में भर्ती; मृतकों को सहयता राशि देगी सरकार

रीवा। बदवार में हुए सड़क हादसे के बाद संजय गांधी अस्पताल में मृतकों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 20 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनमें ICU में भर्ती दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे में घायल ज्यादातर लोग सीधी जिले की सिहावल विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सिहावल से भाजपा विधायक विश्वामित्र पाठक भी संजय गांधी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और डॉक्टरों से उपचार की जानकारी ली। सूचना मिलते ही संजय गांधी अस्पताल में मृतकों के कई परिजन अस्पताल पहुंचे।

बस और ट्रक की आमने-सामने हुई थी टक्कर
बताया जा रहा है कि बुधवार को गुढ़ थाना क्षेत्र के बदवार में बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद घायलों को तत्काल उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

PM मोदी ने जताया था दुख
रीवा सड़क हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी X के जरिए दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

सरकार ने सहायता राशि का किया ऐलान
राज्य सरकार की ओर से हादसे में मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।

 

Share