यूईएफए महिला चैंपियंस लीग: एल क्लासिको में बार्सिलोना का जलवा, रियल मैड्रिड को 6-2 से रौंदा

यूईएफए महिला चैंपियंस लीग में खेले गए ‘एल क्लासिको’ मुकाबले में बार्सिलोना महिला फुटबॉल टीम ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए रियल मैड्रिड महिला फुटबॉल टीम को 6-2 से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ बार्सिलोना ने क्वार्टरफाइनल के पहले चरण में सेमीफाइनल की ओर मजबूत बढ़त बना ली है।

मैड्रिड में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में बार्सिलोना का पूरी तरह दबदबा देखने को मिला। टीम की ओर से ईवा पाजोर ने दो गोल दागे, जबकि एज्मी ब्रुग्ट्स, आइरीन परेडेस, विकी लोपेज और एलेक्सिया पुटेलास ने एक-एक गोल कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

वहीं, रियल मैड्रिड की ओर से लिंडा कैइसेडो ने दो गोल जरूर किए, लेकिन वह टीम को हार से नहीं बचा सकीं।

मैच की शुरुआत से ही बार्सिलोना ने आक्रामक खेल दिखाया और पहले हाफ में 2-0 की बढ़त बना ली। 30वें मिनट में कैइसेडो के गोल से रियल मैड्रिड ने वापसी की कोशिश की, लेकिन इसके बाद बार्सिलोना ने लगातार गोल दागकर स्कोर 5-1 कर दिया और मैच पर पूरी तरह नियंत्रण बना लिया।

दूसरे हाफ में कैइसेडो ने एक और गोल कर अंतर कम किया, लेकिन अंत में पुटेलास ने 89वें मिनट में पेनल्टी को गोल में बदलकर स्कोर 6-2 कर दिया और जीत पर मुहर लगा दी।

तीन बार की चैंपियन बार्सिलोना लगातार आठवीं बार सेमीफाइनल में पहुंचने के बेहद करीब है। टीम पिछले पांच सीजन से फाइनल तक पहुंचती रही है, हालांकि पिछले साल उसे खिताबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था।

अब रियल मैड्रिड के लिए सेमीफाइनल में पहुंचना चुनौतीपूर्ण हो गया है, क्योंकि अगले चरण में उसे बार्सिलोना के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करनी होगी, जो मौजूदा फॉर्म को देखते हुए बेहद मुश्किल नजर आ रही है।

Share

Similar Posts