| |

त्योहारों के आगमन के साथ मार्केट में बढ़ी साड़ियों की चमक, जानिए किस अवसर पर चुने कौनसी साड़ी

त्योहारों की शुरुआत के साथ ही मार्केट में साड़ियों की मांग भी बढ़ने लगती है। वर्कप्लेस हो या पूजा ख़ास अवसरों पर महिलाएं साड़ी पहनना ही पसंद करती है। फैशन के इस बदलते ट्रेंड को देखते हुए बाज़ार में कई प्रकार की साड़ियां आनी शुरू हो गई है। इतने सारे ऑप्शन के बीच आपके लिए सही साड़ी कौनसी होगी यह चुनना मुश्किल हो जाता है। आपकी इस उलझन को दूर करने के लिए आइए जानते है कि साड़ी के कितने विकल्प मौजूद है और किस अवसर पर कौनसी पसंद सबसे बेस्ट हो सकती है।

पिछले वर्षों में बढ़ी ऑर्गेंजा साड़ियों की लोकप्रियता

पिछले कुछ वर्षों से ऑर्गेंजा साड़ियों की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और इस फेस्टिव सीजन में भी इनकी मांग सबसे अधिक रहने की उम्मीद है। हल्के, पारदर्शी और आकर्षक फैब्रिक वाली ऑर्गेंजा साड़ियां बेहतरीन फॉल देने के साथ रॉयल लुक भी देती हैं। इस बार फ्लोरल प्रिंट, डिजिटल प्रिंट, हैंड पेंटेड डिजाइन और जरी बॉर्डर वाली ऑर्गेंजा साड़ियां खास पसंद की जा रही हैं।

एवरग्रीन रहेगी बनारसी साड़ियां

फेस्टिव सीजन हो या कोई स्पेशल ओकेशन बनारसी साड़ियों का क्रेज हमेशा बना रहता है। इस बार पारंपरिक लाल, मैरून और रानी गुलाबी के अलावा रस्ट ऑरेंज, वाइन, फ्यूशिया, पर्पल, पीकॉक ग्रीन, एमराल्ड ग्रीन, रॉयल ब्लू और गोल्डन शेड्स वाली बनारसी साड़ियां ट्रेंड में हैं। हल्की बनारसी सिल्क और सॉफ्ट वीव वाली साड़ियों की मांग भी तेजी से बढ़ रही है।

देश के हर कोने तक पहुंची कांजीवरम साड़ियों की चमक

दक्षिण भारत की शान कांजीवरम साड़ी सिर्फ साउथ ही नहीं बल्कि देश के हर कोने में पसंद की जा रही हो। शुद्ध रेशमी कपड़ा, समृद्ध बनावट और जरी की बारीक कारीगरी इसे खास बनाती है। शादी, धार्मिक कार्यक्रम और पारिवारिक समारोहों के लिए आज भी यह सबसे पसंदीदा विकल्पों में से एक है।

हल्की और पारंपरिक साड़ी का सबसे अच्छा विकल्प चंदेरी और महेश्वरी

हल्की और पारंपरिक साड़ी पसंद करने वाली महिलाओं के लिए चंदेरी और महेश्वरी साड़ियां बेहतरीन विकल्प हैं। मध्य प्रदेश की इन प्रसिद्ध हस्तकरघा साड़ियों की महीन बुनाई, हल्का वजन और खूबसूरत टेक्सचर इन्हें खास बनाती हैं। चंदेरी की जरी बॉर्डर और महेश्वरी की सादगीपूर्ण डिजाइन महिलाओं को आकर्षित कर रही हैं।

फेस्टिव फैशन का हिस्सा बनी लेनिन साड़ी

पहले केवल ऑफिस वियर मानी जाने वाली लिनेन साड़ी अब फेस्टिव फैशन का भी हिस्सा बन चुकी है। डिजाइनर्स ने इसमें पारंपरिक कढ़ाई, ब्लॉक प्रिंट, अजरख प्रिंट, जरी बॉर्डर और बूटियों का समावेश कर इसे त्योहारों के लिए भी उपयुक्त बना दिया है।

टिश्यू साड़ियों की मांग बढ़ी

चमकदार फिनिश वाली टिश्यू साड़ियां इस बार फैशन इंडस्ट्री की खास पसंद बनी हुई हैं। गोल्डन, सिल्वर, रोज गोल्ड, कॉपर, आइवरी और पेस्टल शेड्स वाली टिश्यू साड़ियां बिना ज्यादा कढ़ाई के भी आकर्षक और एलिगेंट लुक देती हैं।

पेस्टल रंगों का ट्रेंड बरकरार

अब महिलाएं सिर्फ साड़ी की डिज़ाइन और कपड़ा नहीं बल्कि रंगो पर भी ख़ास ध्यान देती है। इस सीजन में एमराल्ड ग्रीन, रॉयल ब्लू, बरगंडी, वाइन, रस्ट ऑरेंज, हल्दी पीला, रानी गुलाबी, सिंदूरी लाल, लैवेंडर, पीच, आइवरी, ऑफ-व्हाइट और गोल्डन शेड्स सबसे ज्यादा पसंद किए जाएंगे। दिन के आयोजनों के लिए पेस्टल रंगों का ट्रेंड भी बरकरार रहेगा।

बारीक मोटिफ वाली साड़ियों का चलन बढ़ा

फ्लोरल प्रिंट अब केवल वेस्टर्न आउटफिट तक सीमित नहीं है। इस बार साड़ियों में भी फूलों से प्रेरित डिजाइन महिलाओं की पहली पसंद बन रहे हैं। इसके अलावा बड़े और भारी डिजाइनों की बजाय छोटे और बारीक मोटिफ वाली साड़ियों का चलन तेजी से बढ़ रहा है।

पतले, सलीकेदार बॉर्डर वाली साड़ियां आ रही पसंद

साड़ियों के रंग और डिज़ाइन के साथ ही बॉर्डर का लुक भी बदल रहा है। चौड़े और भारी बॉर्डर की जगह पतले, सलीकेदार और आकर्षक बॉर्डर वाली साड़ियों की मांग बढ़ रही है। ऐसे बॉर्डर साड़ी को मॉडर्न लुक देने के साथ उसकी पारंपरिक खूबसूरती भी बनाए रखते हैं।

इस तरह करे साड़ियों का चुनाव

विभिन्न अवसरों के लिए सही और उपयुक्त साड़ी चुनना भी बहुत जरुरी है। पूजा या धार्मिक कार्यक्रम के लिए कॉटन, चंदेरी और ऑर्गेंजा साड़ी बेहतर विकल्प मानी जाती है। शाम की आरती या पारिवारिक समारोह के लिए सिल्क, बनारसी, टिश्यू और कांजीवरम साड़ियां उपयुक्त रहती हैं। अगर आप दोस्तों के साथ फेस्टिव पार्टी में जा रही है तो फ्लोरल ऑर्गेंजा, लिनेन या हल्की सीक्विन साड़ी स्टाइलिश लुक दे सकती है।

सही फुटवियर और ज्वेलरी का चयन भी जरुरी

साड़ी के साथ सही फुटवियर और ज्वेलरी का चयन भी आवश्यक है। इस सीजन में ब्लॉक हील्स, वेज हील्स, एम्ब्रॉयडरी जुत्ती, कोल्हापुरी चप्पल और स्टाइलिश सैंडल सबसे अधिक पसंद किए जा रहे हैं। वहीं ज्वेलरी में कुंदन, मोती, ऑक्सीडाइज्ड सिल्वर और टेंपल ज्वेलरी ट्रेंड में रहेंगी। भारी साड़ी के साथ हल्के आभूषण और साधारण साड़ी के साथ स्टेटमेंट नेकलेस या झुमके पहनकर लुक को और आकर्षक बनाया जा सकता है।

Share