विंबलडन 2025: अल्काराज की रोमांचक जीत, सबालेंका का विजयी आगाज़; मेदवेदेव और रून पहले दौर में बाहर

विंबलडन के पहले दिन दो बार के चैंपियन कार्लोस अल्काराज ने इटली के फैबियो फोगनिनी को कड़े मुकाबले में हराकर दूसरे दौर में जगह बना ली। अल्काराज को टूर्नामेंट में दूसरी वरीयता मिली है, जबकि पहले स्थान पर इटली के जैनिक सिनर हैं। 22 वर्षीय स्पेनिश खिलाड़ी ने यह रोमांचक मुकाबला 7-5, 6-7 (5-7), 7-5, 2-6, 6-1 से 4 घंटे से अधिक समय में जीता। यह सेंटर कोर्ट पर ग्रास पर खेला गया टूर्नामेंट का पहला मैच था और उनकी लगातार 19वीं जीत रही। हाल ही में अल्काराज ने फ्रेंच ओपन में सिनर को हराकर अपना पांचवां ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था और क्वींस क्लब चैंपियनशिप भी अपने नाम की थी। अब उनका सामना 21 वर्षीय ब्रिटिश खिलाड़ी ओलिवर टार्वेट से होगा, जिन्होंने पहले राउंड में स्विट्जरलैंड के लिएंड्रो रीडी को मात दी।
मैच के दौरान एक दर्शक की तबीयत बिगड़ने पर अल्काराज ने उसे पानी की बोतल देकर मदद भी की।
महिला वर्ग में दुनिया की नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी आर्यना सबालेंका ने भी दमदार शुरुआत करते हुए पहले राउंड में कनाडा की कार्सन ब्रेंस्टीन को सीधे सेटों में 6-1, 7-5 से हराया। यह जीत WTA टूर में नंबर-1 रैंक के साथ उनकी 50वीं जीत रही, जिससे वे ऐसा करने वाली नौवीं महिला खिलाड़ी बन गईं। उनसे पहले हिंगिस, सेरेना, डेवनपोर्ट, हेनिन, वोज्नियाकी, अजारेंका, बार्टी और स्वियातेक ये उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं।
वहीं, पुरुष वर्ग में डेनियल मेदवेदेव और आठवीं वरीयता प्राप्त होल्गर रून को पहले ही राउंड में हार का सामना करना पड़ा। रून को निकोलस जैरी ने पांच सेटों में और मेदवेदेव को बेंजामिन बोंजी ने चार सेटों में हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।






