16 साल की लड़की की मौत: मां काम से लौटी तो अंदर से बंद मिला दरवाजा; हत्या की आशंका

धामनोद (धार)। 16 वर्षीय नाबालिग की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग करते हुए गंभीर आशंकाएं जताई हैं।
लड़की अपनी मां के साथ धामनोद में एक किराए के मकान में रहती थी। उसकी मां एक निजी कंपनी में काम करती है। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम जब मां काम से घर लौटी, तो मकान का दरवाजा अंदर से बंद था ।
काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिली, तो परिजनों और आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर पहुंचने पर लड़की मृत अवस्था में मिली। उसे तुरंत धामनोद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। उप निरीक्षक दीपिका बामनिया ने बताया कि परिजनों द्वारा जताई गई आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
तीन डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम
लड़की के शव का पोस्टमार्टम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धामनोद में तीन डॉक्टरों के पैनल द्वारा किया गया। पैनल में डॉ. कार्तिक सिंह चौहान, डॉ. वैभव गुप्ता और डॉ. मोनिका सिंह चौहान शामिल थे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों ने जताई अप्रिय घटना की आशंका
रिश्तेदारों का कहना है कि 16 वर्षीय बच्ची के साथ कोई अप्रिय घटना हुई हो सकती है। उनका आरोप है कि मामला केवल आत्महत्या का नहीं लगता, इसलिए पुलिस और प्रशासन को सभी पहलुओं की गहराई से जांच करनी चाहिए।
फंदे पर झूलने की आशंका, जांच जारी
पहली बार में मामला फंदे पर झूलने से मौत का लग रहा है, लेकिन अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी संभावित मुद्दों को ध्यान में रखते हुए बारीकी से जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।