पति की मौत के बाद केयरटेकर बनी चोर: इंदौर में CA के माता-पिता की देखभाल करते हुए चुराए जेवर

इंदौर। जूनी इंदौर में केयरटेकर ने लाखों की चोरी की। बुजुर्गों और बच्चों की देखभाल करते हुए घरों से जेवर और नकदी चोरी किए। महिला छत्तीसगढ़ की रहने वाली है। कुछ समय पहले ही इंदौर आई है। पूछताछ में महिला ने कई वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया।
चार्टर्ड अकाउंटेंट के घर से चुराए लाखों रुपये
महिला केयर टेकर बनकर घरों में काम करती थी। जब मौका मिलता सोने-चांदी के जेवर और नकदी चुरा लेती। महिला का नाम विनीता अग्रवाल है। वह मूल रूप से छत्तीसगढ़ की रहने वाली है। पति की मौत के बाद बेटे और बेटी के साथ इंदौर में रह रही थी। महिला ने एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के घर बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल का काम संभाला था। इसी दौरान घर से लाखों रुपए के जेवर और नकदी गायब हो गई।
पूछताछ में स्वीकारा अपराध
पुलिस ने संदेह के आधार पर पूछताछ की। शुरुआत में महिला ने सहयोग नहीं किया। सख्ती के बाद उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से जेवर और अन्य चोरी का माल बरामद कर लिया है। आरोपी ने सिंधी कॉलोनी में भी इसी तरह चोरी को अंजाम दिया। पुलिस उससे अन्य मामलों को लेकर भी पूछताछ कर रही है।