तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026: 234 सीटों पर मतदान जारी, अभिनेता अजीत कुमार ने सबसे पहले डाला वोट

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के तहत राज्य की सभी 234 सीटों पर गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे तक चलेगी। मतदान शुरू होने से पहले सभी केंद्रों पर मॉक पोलिंग कर मशीनों की जांच की गई।
मतदान के पहले ही दिन एक खास दृश्य तब देखने को मिला जब प्रसिद्ध अभिनेता अजीत कुमार सुबह 6:55 बजे चेन्नई के तिरुवनमियूर स्थित मतदान केंद्र पहुंचे और 7 बजे सबसे पहले वोट डालकर चर्चा में आ गए। उन्होंने मतदान के बाद अपनी उंगली पर लगी स्याही दिखाकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित भी किया।
राज्यभर में मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। चुनाव आयोग ने तीन स्तर के नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं, जिनका संचालन मुख्य चुनाव अधिकारी, जिला चुनाव अधिकारी और चुनाव प्रबंधन टीम द्वारा किया जा रहा है।
इस चुनाव में कुल 4,023 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 3,579 पुरुष, 443 महिलाएं और 1 तीसरे लिंग के उम्मीदवार शामिल हैं। तमिलनाडु में कुल 5 करोड़ 73 लाख 43 हजार 291 मतदाता हैं, जिनमें पुरुष, महिलाएं और तीसरे लिंग के मतदाता शामिल हैं।
राजनीतिक रूप से इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प है, जहां द्रविड़ मुनेत्र कषगम, अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम, नाम तमिऴर कच्ची और तमिलग वेत्रि कषगम के बीच चार-कोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है।
पूरे राज्य में 75,064 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 5,949 संवेदनशील केंद्र शामिल हैं। 325 मतदान केंद्रों का संचालन केवल महिलाओं द्वारा किया जा रहा है, जबकि 75 केंद्रों की जिम्मेदारी युवाओं को सौंपी गई है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत 300 कंपनियों के सीआरपीएफ जवान और 5,875 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। साथ ही लगभग 1.06 लाख ईवीएम मशीनों का उपयोग किया जा रहा है।
मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों पर पेयजल और चिकित्सा जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों के लिए मुफ्त बस सेवा की व्यवस्था की गई है।
इस चुनाव में पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की संख्या 14.59 लाख है, जो लोकतंत्र के इस महापर्व में नई ऊर्जा जोड़ रहे हैं। वहीं, मतदान प्रतिशत इस बार 85% से अधिक रहने की संभावना जताई जा रही है।
तमिलनाडु में जारी यह मतदान राज्य की राजनीति की दिशा तय करेगा और आने वाले समय में नई सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त करेगा।






