स्वस्थ भारत पोर्टल लॉन्च, अब एक ही प्लेटफॉर्म से मिलेंगी सभी डिजिटल स्वास्थ्य सेवाएं

Ministry of Health and Family Welfare ने देश के स्वास्थ्य क्षेत्र को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से Swasth Bharat Portal लॉन्च किया है। इस पहल की शुरुआत 10वें नेशनल समिट ऑन इनोवेशन एंड इन्क्लूसिविटी के दौरान की गई।
मंत्रालय के अनुसार यह पोर्टल Ayushman Bharat Digital Mission के तहत विकसित किया गया है और इसे आभा (ABHA) प्रणाली से जोड़ा गया है, जिससे मरीजों के हेल्थ डेटा का सुरक्षित और सुगम आदान-प्रदान संभव हो सकेगा।
स्वस्थ भारत पोर्टल का उद्देश्य देश में चल रहे विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों और डिजिटल सिस्टम को एकीकृत कर एक सिंगल प्लेटफॉर्म पर लाना है। अभी तक अलग-अलग ऐप और पोर्टल के जरिए काम होने के कारण डेटा दोहराव और समय की बर्बादी जैसी समस्याएं सामने आती थीं।
मंत्रालय ने बताया कि इस पोर्टल के जरिए अब एक ही जगह पर डेटा एंट्री की सुविधा मिलेगी, जिससे कई लॉगिन की आवश्यकता समाप्त होगी और रिपोर्टिंग व मॉनिटरिंग प्रक्रिया अधिक आसान और प्रभावी बनेगी।
इस पहल से आशा कार्यकर्ता, एएनएम, सीएचओ और मेडिकल ऑफिसर्स जैसे स्वास्थ्य कर्मियों को भी बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें अलग-अलग सिस्टम पर काम नहीं करना पड़ेगा और एक ही प्लेटफॉर्म से सभी जरूरी कार्य पूरे किए जा सकेंगे।
मंत्रालय के मुताबिक इस डिजिटल एकीकरण से स्वास्थ्य ढांचे की लागत में 20 से 30 प्रतिशत तक कमी आने की संभावना है। साथ ही डेटा एंट्री और स्टाफ दोहराव में 20 से 40 प्रतिशत तक कमी आएगी, जिससे निर्णय लेने की प्रक्रिया भी तेज और अधिक सटीक होगी।
स्वास्थ्य मंत्रालय का मानना है कि यह पोर्टल भारत के डिजिटल हेल्थ सिस्टम को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा, जिससे भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और डेटा आधारित नीतिगत फैसले संभव हो सकेंगे।






