|

भारत–नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 22.50 लाख रुपये नकद जब्त, चार हिरासत में

भारत–नेपाल सीमा पर तैनात 41वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 लाख 50 हजार रुपये की भारतीय नकदी जब्त की है। इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।

हिरासत में लिए गए व्यक्तियों की पहचान अमर बहादुर थापा, राजू कौसिला, भीम बहादुर कौसिला और प्रेम कुमार सन्यासी के रूप में हुई है। इनमें से तीन मेघालय के निवासी हैं, जबकि एक दार्जिलिंग जिले का रहने वाला है।

एसएसबी सूत्रों के अनुसार, पानीटंकी बॉर्डर इंटेलिजेंस टीम ने 27 जनवरी की देर शाम नियमित जांच के दौरान भारत से नेपाल की ओर जा रही एक कार को रोका। तलाशी के दौरान कार सवारों के पास से 22.50 लाख रुपये नकद बरामद हुए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह राशि अवैध रूप से सीमा पार तस्करी के उद्देश्य से ले जाई जा रही थी। इसके बाद एसएसबी ने नकदी जब्त कर ली। जब्त की गई रकम, वाहन और सभी आरोपितों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय पानीटंकी को सौंप दिया गया है।

एसएसबी ने स्पष्ट किया है कि वह भारत–नेपाल सीमा की सुरक्षा, तस्करी और अन्य सीमा पार अपराधों पर रोक लगाने के लिए निरंतर निगरानी और खुफिया आधारित अभियानों को अंजाम देता रहेगा।

Share

Similar Posts