एसएस राजामौली ने की ‘धुरंधर 2’ की जमकर तारीफ, बोले- हर मायने में पहली फिल्म से बेहतर

भारतीय सिनेमा के दिग्गज निर्देशक एस.एस. राजामौली ने अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ की खुलकर सराहना की है। उन्होंने फिल्म को हर मायने में पहली किस्त से बेहतर बताते हुए इसके पैमाने और भावनात्मक गहराई की तारीफ की।

राजामौली ने कहा कि करीब चार घंटे की लंबी फिल्म बनाना और उसे सफलतापूर्वक सिनेमाघरों में रिलीज करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने निर्देशक आदित्य धर के विजन की सराहना करते हुए फिल्म के भव्य विजुअल्स और मजबूत कहानी को बेमिसाल बताया।

उन्होंने खास तौर पर अभिनेता आर. माधवन की परफॉर्मेंस की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने एक राष्ट्र की लाचारी और हताशा को बेहद प्रभावशाली तरीके से पर्दे पर उतारा है।

राजामौली ने यह भी कहा कि उन्हें पहली फिल्म ‘धुरंधर’ पसंद आई थी, लेकिन इसका सीक्वल उससे एक कदम आगे निकल गया है। उन्होंने फिल्म की राइटिंग, कास्टिंग, टेक्निकल क्वालिटी और म्यूजिक को भी उत्कृष्ट बताया।

रणवीर सिंह की तारीफ करते हुए उन्होंने उनकी परफॉर्मेंस को ‘मास्टरक्लास’ बताया और कहा कि उन्होंने शुरुआत से लेकर क्लाइमैक्स तक अपने किरदार में जान डाल दी है।

गौरतलब है कि ‘धुरंधर 2’ सिर्फ समीक्षकों ही नहीं बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने पहले दिन 102.55 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड ओपनिंग दर्ज की, जबकि महज दो दिनों में इसका कलेक्शन 200 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।

दिसंबर 2025 में रिलीज हुई ‘धुरंधर’ की तुलना में यह सीक्वल हर स्तर पर बेहतर साबित हो रही है और 2026 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल होने की ओर तेजी से बढ़ रही है।

Share

Similar Posts