सोनीपत में अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़, चंडीगढ़ मार्का 2900 से अधिक पव्वे बरामद

सोनीपत में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। सीआईए-1 टीम सोनीपत ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर चंडीगढ़ मार्का अवैध शराब से भरी एक कार को जब्त किया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, टीम जब गांव रोहट क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी सूचना मिली कि दीपक और राहुल नाम के दो युवक लंबे समय से हरियाणा से शराब लाकर बिहार में सप्लाई करने के अवैध कारोबार में शामिल हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने रिसिका इंडस्ट्रियल पार्क में कार्रवाई की।
मौके पर एक काली कार में बैठे युवक को गिरफ्तार किया गया, जिसने अपनी पहचान गढ़ी सांपला निवासी राहुल के रूप में बताई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसका साथी दीपक पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गया।
तलाशी के दौरान कार से अलग-अलग ब्रांड के कुल 2902 पव्वे अवैध शराब बरामद किए गए, जो केवल चंडीगढ़ में बिक्री के लिए अधिकृत थे। आरोपी कोई वैध परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका।
जांच में यह भी सामने आया कि तस्करी के लिए इस्तेमाल की गई कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी और वाहन के इंजन व चेसिस नंबर भी अलग पाए गए। इसके बाद पुलिस ने मामले में अतिरिक्त धाराएं जोड़ दी हैं।
थाना सदर सोनीपत में एक्साइज एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार आरोपी दीपक की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर उसकी तलाश कर रही है।






