एक साथ कई स्टार्टअप्स में नौकरी करने का खुलासा, सोहम पारेख पर गंभीर आरोप

यह खबर सिलिकॉन वैली में हलचल मचा चुकी है, जहां स्टार्टअप फाउंडर्स, इन्वेस्टर्स और इंजीनियर्स ने इसे हाल के वर्षों की सबसे चौंकाने वाली रोजगार धोखाधड़ी बताया है। इंटरनेट पर एक भारतीय टेक इंजीनियर सोहम पारेख के एक साथ कई स्टार्टअप्स में काम करने की पोल खुलने के बाद से बहस तेज हो गई है। अमेरिका स्थित एक फाउंडर ने हाल ही में आरोप लगाया कि सॉफ्टवेयर इंजीनियर सोहम पारेख कई स्टार्टअप्स में एक साथ काम कर रहे थे और एक्सपोज़ होने के बावजूद यह जारी रखा।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब मिक्सपैनल के फाउंडर सुहैल दोशी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर अन्य उद्यमियों को पारेख से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने दावा किया कि पारेख ने मिक्सपैनल में थोड़े समय के लिए काम किया था, लेकिन उन्हें निकाल दिया गया। दोशी ने यह भी आरोप लगाया कि पारेख YC कंपनियों का फायदा उठा रहे थे और उन्होंने उनका सीवी शेयर करते हुए कहा कि इसमें किए गए 90% दावे फर्जी हो सकते हैं।
कई अन्य सिलिकॉन वैली के फाउंडर्स, इंजीनियर्स और हायरिंग मैनेजर्स ने भी पारेख पर नौकरियों का निजी लाभ के लिए दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। यह खबर भारत की टेक इंडस्ट्री तक पहुंच गई है और दोनों जगहों पर जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
सोशल मीडिया पर भी यह मामला वायरल हो गया है। टेक ट्विटर पर मीम्स की बाढ़ आ गई है और सोहम पारेख अनजाने में ही सिलिकॉन वैली की “हसल कल्चर” के एंटी-हीरो बन चुके हैं। यहां तक कि लिंक्डइन के सीईओ रीड हॉफमैन ने भी मजाक में उनकी संभावित प्रोफाइल हेडलाइन पर मीम शेयर किया।






