केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज बुदनी में राष्ट्रीय कृषि उदय एक्सपो–2026 में होंगे शामिल

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुदनी में आयोजित “राष्ट्रीय कृषि उदय एक्सपो–2026” में शामिल होंगे। यह आयोजन केंद्रीय कृषि यंत्रीकरण एवं परीक्षण प्रशिक्षण संस्थान (CFMTTI) परिसर में किया जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय मंत्री दोपहर 3:45 बजे बुदनी पहुंचेंगे और कृषि मशीनरी मेला समारोह में भाग लेंगे। इस दौरान वे किसानों, कृषि वैज्ञानिकों और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद करेंगे तथा उनकी समस्याओं, सुझावों और अनुभवों को सुनेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी देवेन्द्र ओगारे के अनुसार, इस अवसर पर मंत्री चौहान नई अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं और उन्नत सुविधाओं का लोकार्पण भी करेंगे। साथ ही विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे, जिससे तकनीकी सहयोग, कौशल विकास और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों से युक्त टूलकिट का वितरण भी किया जाएगा, जिससे खेती को अधिक आधुनिक और लाभकारी बनाया जा सके।
तीन दिवसीय कृषि एक्सपो का आयोजन
बुदनी स्थित CFMTTI में 22 से 24 मार्च 2026 तक तीन दिवसीय राष्ट्रीय कृषि उदय एक्सपो–2026 आयोजित किया जा रहा है। आज इस एक्सपो का दूसरा दिन है, जिसमें बड़ी संख्या में किसान और विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।
इस कृषि प्रदर्शनी में आधुनिक कृषि यंत्र, ड्रोन तकनीक, फसल प्रबंधन, प्रसंस्करण तकनीक और कृषि यंत्रीकरण से जुड़े नवीनतम उपकरणों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके साथ ही किसानों को सरकारी योजनाओं, तकनीकी नवाचारों और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी भी दी जा रही है।
कार्यक्रम के समापन के बाद केंद्रीय मंत्री शाम 6:15 बजे भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
यह एक्सपो किसानों के लिए नई तकनीकों को समझने और अपनाने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हो रहा है, जिससे कृषि क्षेत्र में आधुनिकता और उत्पादकता को बढ़ावा मिलेगा।





