शिमला के फागू में जनरल स्टोर में सेंधमारी, नकदी और सामान चोरी; सीसीटीवी में कैद वारदात

शिमला जिले के फागू क्षेत्र में एक जनरल स्टोर में सेंधमारी कर नकदी और सामान चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना मुख्य बाजार फागू स्थित दुकान में हुई, जहां अज्ञात व्यक्ति ने देर रात दुकान में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। पूरी चोरी की घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
दुकान मालिक निखिल सूद के अनुसार, 11 फरवरी की रात करीब 8:30 बजे वे रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जब उन्होंने दुकान खोली तो अंदर का सामान बिखरा मिला। जांच करने पर पता चला कि दुकान के ताले सही थे, लेकिन दक्षिण दिशा की ओर लगी टीन शीट और जाली हटाकर अंदर प्रवेश किया गया था।
चोर दुकान से सिगरेट, चॉकलेट, कॉस्मेटिक सामान, ड्राई फ्रूट और लगभग 45 हजार रुपये नकद ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार अज्ञात आरोपी ने रात करीब 3:30 बजे से 4:50 बजे के बीच चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
सूचना मिलने के बाद हिमाचल प्रदेश पुलिस की ठियोग थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 331(4) और 305(a) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्थानीय व्यापारियों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।






