विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र में कई नेताओं से की अहम बैठकें

नई दिल्ली/न्यूयॉर्क। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कल रात न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतेरस सहित कई प्रमुख नेताओं से महत्वपूर्ण मुलाकातें की। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के 80 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भू-राजनीतिक रुझानों, वैश्विक चुनौतियों और भारत के दृष्टिकोण पर चर्चा की।
डॉ. जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र की अध्यक्ष एनालेना बैरबॉक से भी वार्ता की और उन्हें भारत का पूर्ण समर्थन दिया। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि भारत संयुक्त राष्ट्र को और अधिक प्रासंगिक और समय के अनुरूप बनाने के लिए लगातार सहयोग करेगा।
इसके अलावा, विदेश मंत्री ने सऊदी अरब के विदेश मंत्री फैसल बिन फरहान से द्विपक्षीय सहयोग और क्षेत्रीय परिस्थितियों पर चर्चा की। इसी क्रम में उन्होंने अल्जीरिया के विदेश मंत्री अहमद अत्ताफ से मुलाकात की, जिसमें भारत-अल्जीरिया साझेदारी को मजबूत करने और पश्चिम एशिया की स्थिति पर विचार विमर्श हुआ।
डॉ. जयशंकर की ये मुलाकातें भारत की वैश्विक कूटनीति को सशक्त बनाने और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की स्थिति को मजबूती देने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही हैं।






