| |

झाबुआ में किसानों का पैदल मार्च: अभी तक नहीं मिली बीमा राशि; बोले- मांग पूरी नहीं होने तक कलेक्ट्रेट परिसर में ही रहेंगे 

झाबुआ। प्रशासन के खिलाफ किसानों ने 50 किलोमीटर का पैदल मार्च शुरू किया। फसल बीमा की राशि नहीं मिलने से किसान नाराज है। पेटलावद क्षेत्र के बनी और रूपगढ़ गांव के किसान इस मार्च में शामिल है। सभी किसान झाबुआ कलेक्टर कार्यालय तक पैदल जाएंगे।

शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
कार्यालय के बाहर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे। किसानों का कहना है कि कई बार शिकायत और आवेदन देने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर उन्होंने पैदल मार्च का फैसला लिया। किसान अपने साथ राशन और पानी की व्यवस्था भी लेकर निकले हैं।

फसल बीमा वितरण में लापरवाही हुई 
किसानों का कहना है कि यदि मांगों पर फैसला नहीं हुआ तो कलेक्ट्रेट परिसर में ही आंदोलन जारी रखेंगे। किसानों ने आरोप लगाया कि फसल बीमा वितरण में सैटेलाइट सर्वे के नाम पर लापरवाही हुई है। कई पात्र किसानों को अब तक बीमा राशि नहीं मिली।

फसल बीमा राशि जल्द जारी करने की मांग
किसानों की फसल का नुकसान हुआ है। प्रशासन और बीमा कंपनी की लापरवाही का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। पदयात्रा के दौरान किसान झाबुआ पहुंचकर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट से मुलाकात करेंगे। उनसे फसल बीमा की राशि जल्द जारी करने की मांग करेंगे।

आंदोलन को और तेज करेंगे 
आंदोलन में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी भी किसानों के साथ शामिल हैं। किसानों ने कहा- यदि प्रशासन ने जल्द समाधान नहीं निकाला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Share