|

हेलीकॉप्टर के सामने गर्लफ्रेंड को प्रपोज करना पड़ा भारी, सेना ने युवा कैप्टन से मांगा जवाब

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के नासिक में पासिंग आउट परेड के बाद सेना की वर्दी में अपनी गर्लफ्रेंड को प्रपोज करने वाले युवा अधिकारी कैप्टन भारत भारद्वाज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भारतीय सेना ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। सेना ने सैन्य हेलीकॉप्टर और वर्दी के उपयोग को लेकर कैप्टन से स्पष्टीकरण मांगा है।

दरअसल, कॉम्बैट आर्मी एविएशन ट्रेनिंग स्कूल, नासिक से फ्लाइट ट्रेनिंग पूरी करने के बाद कैप्टन भारत भारद्वाज आधिकारिक रूप से आर्मी एविएशन पायलट बने। 2 जून को आयोजित पासिंग आउट परेड के दौरान उन्होंने सैन्य हेलीकॉप्टर के सामने घुटनों के बल बैठकर अपनी मित्र आरुषि को सगाई की अंगूठी पहनाई। इस भावुक पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों ने इसे खूब सराहा।

वीडियो में आरुषि प्रस्ताव स्वीकार करती नजर आती हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग तालियां बजाकर दोनों का उत्साह बढ़ाते दिखाई देते हैं। हालांकि, इस निजी पल के लिए सैन्य परिसर और सैन्य संसाधनों के उपयोग को लेकर सेना ने आपत्ति जताई है।

रक्षा सूत्रों के अनुसार, सेना का मानना है कि सैन्य वर्दी और सैन्य उपकरणों का उपयोग व्यक्तिगत प्रचार या सोशल मीडिया कंटेंट के लिए नहीं किया जाना चाहिए। वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे सैन्य प्रोटोकॉल और आचार संहिता से जुड़ा मामला मानते हुए युवा अधिकारी से जवाब तलब किया है।

सूत्रों का कहना है कि सेना को अधिकारी की व्यक्तिगत खुशी से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन जिस स्थान और तरीके से इस खुशी का प्रदर्शन किया गया, वह सवालों के घेरे में है। सेना विशेष रूप से इस बात को लेकर सतर्क है कि सैन्य प्रतिष्ठानों और उपकरणों का उपयोग केवल अधिकृत उद्देश्यों के लिए ही किया जाए।

बताया जा रहा है कि प्रपोजल के बाद कैप्टन भारत भारद्वाज ने अपनी मंगेतर के साथ सैन्य हेलीकॉप्टर पर बैठकर तस्वीरें भी खिंचवाई थीं। इसी कारण मामला और अधिक चर्चा में आ गया है।

भारतीय सेना का मानना है कि वर्दी केवल एक पोशाक नहीं, बल्कि सम्मान, अनुशासन और जिम्मेदारी का प्रतीक है। इसलिए उसकी गरिमा बनाए रखना हर सैनिक और अधिकारी का कर्तव्य है। अब सेना कैप्टन के जवाब का इंतजार कर रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।

Share

Similar Posts