आक्सिजन सिलेंडर की कमी ने ली मरीज की जान: वीडियो वायरल; मामले की जांच जारी

मंडला। एंबुलेंस में आक्सिजन सिलेंडर न होने से मरीज की मौत हो गई। मरीज का नाम अजित बरैया बताया जा रहा है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि वीडियो और घटना की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
अस्पताल ले जाते समय एंबुलेंस में हुई मौत
अजीत बरैया किडनी की बीमारी से पीड़ित थे। परिजन उन्हें इलाज के लिए एंबुलेंस से अस्पताल ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई।
एंबुलेंस में ऑक्सीजन नहीं होने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि जिस एंबुलेंस से अजीत को ले जाया जा रहा था। उसमें ऑक्सीजन सिलेंडर मौजूद था। उसमें ऑक्सीजन नहीं थी। वीडियो में सिलेंडर का प्रेशर गेज शून्य दिखने का दावा किया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि ऑक्सीजन नहीं मिलने से मरीज को सांस लेने में परेशानी हुई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सामने आने के बाद मंडला जिले में एंबुलेंस सेवा पर सवाल उठ रहे हैं। वायरल वीडियो में अजीत के माता-पिता परेशान नजर आ रहे हैं। लोग स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
मौत का कारण जांच के बाद होगा साफ
हालांकि यह तय नहीं हुआ है कि अजीत की ऑक्सीजन की वजह से हुई। यह किडनी की गंभीर बीमारी के चलते भी हो सकता है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
स्वास्थ्य विभाग ने जांच की बात कही
जिले के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीएल कोरी ने बताया कि एंबुलेंस सेवा का संचालन भोपाल स्तर से किया जाता है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी भेजी जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उठते रहे हैं सवाल
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर पहले भी कई शिकायतें सामने आती रही हैं। कभी अस्पतालों में लापरवाही के आरोप लगते हैं तो कभी मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे मामलों के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार को लेकर सवाल उठते रहे हैं।