|

सेंधवा में परीक्षा रिजल्ट पर छात्रों के सवाल: शून्य अंक और एटीकेटी मिलने का दावा; आंदोलन की चेतावनी

सेंधवा। वीर बलिदानी खाज्या नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सेंधवा के स्नातकोत्तर हिंदी साहित्य तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने परीक्षा परिणाम में कथित गड़बड़ी को लेकर क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय, खरगोन से सुधार की मांग की है। छात्रों का कहना है कि घोषित परिणाम में कई विद्यार्थियों को बेहद कम अंक मिले हैं। कुछ छात्रों को शून्य अंक और एटीकेटी दिए जाने की बात भी सामने आई है। विद्यार्थियों ने मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

आधुनिक हिंदी काव्य के परिणाम पर सवाल
विद्यार्थियों ने विशेष रूप से ‘आधुनिक हिंदी काव्य और उसका इतिहास’ विषय के परीक्षा परिणाम पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कई विद्यार्थियों को इस विषय में अपेक्षा से काफी कम अंक मिले हैं। कुछ विद्यार्थियों के परिणाम में शून्य अंक और एटीकेटी दर्शाई गई है।

उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच की मांग
छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से उत्तर पुस्तिकाओं का निष्पक्ष पुनर्मूल्यांकन कराने की मांग की है। साथ ही अंकों की गणना और ऑनलाइन सिस्टम में अंकदर्ज किए जाने की प्रक्रिया की दोबारा जांच करने को कहा है।

विद्यार्थियों का कहना है कि यदि मानवीय या तकनीकी गलती के कारण परिणाम प्रभावित हुआ है तो उसे तत्काल ठीक कर संशोधित परिणाम जारी किया जाए।

आदिवासी छात्र संगठन ने किया समर्थन
आदिवासी छात्र संगठन ने भी विद्यार्थियों की मांगों का समर्थन किया है। संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द मामले की जांच कर छात्रों को राहत देने की मांग की।

इस दौरान संगठन के अध्यक्ष अर्जुन डुडवे, उपाध्यक्ष प्रकाश सोलंकी, कपिल जाधव, जागीराम कटोले, चंदन डावर, पंकज सोलंकी, जागीराम भदले, रोहित सोलंकी, पंकज नरगावे, कांता सोलंकी, संजना सेनानी, रोशनी बामनिया और रामेश्वर डुडवे सहित अन्य विद्यार्थी मौजूद रहे।

मांग नहीं मानी तो आंदोलन की चेतावनी
विद्यार्थियों ने कहा कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन परीक्षा परिणाम में सुधार को लेकर गंभीरता से कार्रवाई नहीं करता है तो आगामी दिनों में आंदोलन किया जाएगा। छात्रों ने चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को उग्र रूप दिया जा सकता है।

Share