चार कंपनियों को आईपीओ लॉन्च करने की सेबी से मंजूरी, बाजार में बढ़ेगी नई लिस्टिंग की रफ्तार

पूंजी बाजार में निवेशकों के लिए नई संभावनाएं खुलने जा रही हैं। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने पारिजात इंडस्ट्रीज इंडिया लिमिटेड, सीएसएम टेक्नोलॉजीज लिमिटेड, एल्डिको इंफ्रास्ट्रक्चर एंड प्रॉपर्टीज लिमिटेड और रोटोमैग एनर्टेक लिमिटेड को आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लॉन्च करने की मंजूरी दे दी है।
सेबी की वेबसाइट पर जारी अपडेट के अनुसार, इन कंपनियों ने सितंबर–अक्टूबर 2025 के बीच अपने ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल किए थे, जिन पर 28 से 30 जनवरी के बीच नियामकीय टिप्पणियां प्राप्त हुईं। सेबी की टिप्पणियां मिलना आईपीओ लाने की अंतिम मंजूरी मानी जाती है।
पारिजात इंडस्ट्रीज इंडिया लिमिटेड
एग्रोकेमिकल सेक्टर की यह कंपनी 160 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 2.04 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) लाएगी। फ्रेश इश्यू से जुटाई गई राशि का बड़ा हिस्सा कर्ज चुकाने और सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों में लगाया जाएगा।
सीएसएम टेक्नोलॉजीज लिमिटेड
भुवनेश्वर स्थित आईटी कंपनी 1.29 करोड़ इक्विटी शेयरों का फ्रेश इश्यू लाएगी। जुटाई गई रकम का उपयोग वर्किंग कैपिटल, कर्ज भुगतान और इनऑर्गेनिक ग्रोथ के अवसरों में किया जाएगा। कर्मचारियों के लिए भी विशेष आरक्षण रखा गया है।
एल्डिको इंफ्रास्ट्रक्चर एंड प्रॉपर्टीज लिमिटेड
रियल एस्टेट डेवलपर एल्डिको 800 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 200 करोड़ रुपये तक का OFS लाएगी। कंपनी इस फंड का उपयोग मुख्य रूप से अपनी सहायक कंपनी के कर्ज चुकाने और कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।
रोटोमैग एनर्टेक लिमिटेड
रिन्यूएबल एनर्जी और इंडस्ट्रियल ड्राइव सॉल्यूशंस क्षेत्र की यह कंपनी 500 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और बड़े पैमाने पर OFS लेकर आएगी। जुटाई गई राशि का उपयोग डिबेंचर रिडेम्पशन, वर्किंग कैपिटल और विस्तार योजनाओं में किया जाएगा।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि इन आईपीओ को मंजूरी मिलने से प्राइमरी मार्केट में गतिविधियां तेज होंगी और निवेशकों को अलग-अलग सेक्टर्स में निवेश के नए अवसर मिलेंगे।






