साबरकांठा में लग्जरी बस ने कार को मारी टक्कर, 6 लोगों की मौत, 8 घायल

गुजरात के हिम्मतनगर के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसा जसवंतगढ़ पाटिया के पास शामलाजी-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर हुआ, जब तेज रफ्तार निजी लग्जरी बस ने आगे चल रही इको कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

प्रत्यक्षदर्शी मूलसिंह मकवाना ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह दब गया और यात्री अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।

सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। घायलों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ए. के. पटेल ने बताया कि हादसे में 6 लोगों की मौत हुई है और अनधिकृत कटों को बंद करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।

पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी घायलों का इलाज जारी है।

Share

Similar Posts