रीवा में बंद मिला उप स्वास्थ्य केंद्र: नर्स स्कूटी पर घूमती मिलीं; ग्रामीणों ने वीडियो बनाया तो बोली- मैं हॉस्पिटल नहीं खोलूंगी, जिसको जो करना है कर दो..

रीवा। हिनौती उप स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को ग्रामीणों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए। ग्रामीणों के अनुसार, उप स्वास्थ्य केंद्र में ताला लगा था और सहायक नर्स मौके पर मौजूद नहीं थीं। ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की तो वे बाजार में स्कूटी लेकर खड़ी मिलीं। ग्रामीणों ने उनका पीछा करते हुए वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सहायक नर्स नियमित रूप से उप स्वास्थ्य केंद्र में नहीं बैठती हैं। मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं तो कई बार केंद्र पर ताला लगा मिलता है और उन्हें बिना इलाज के लौटना पड़ता है। ग्रामीणों ने सहायक नर्स पर मरीजों और उनके परिजनों से अभद्र व्यवहार करने के आरोप भी लगाए हैं।
वायरल वीडियो में ग्रामीणों ने पूछे सवाल
वायरल वीडियो में ग्रामीण सहायक नर्स से उप स्वास्थ्य केंद्र बंद होने को लेकर सवाल करते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान सीएम हेल्पलाइन 181 पर शिकायत करने की बात भी सामने आती है। वीडियो में महिला की ओर से कहां जा रहा है कि शिकायत जहां करनी है कर दो, मैं हॉस्पिटल नहीं खोलूंगी, जिसको जो करना है कर दो।
कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
ग्रामीणों ने मामले की शिकायत रीवा कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी से की है। कलेक्टर ने मामले की जांच कर रिपोर्ट करने के निर्देश दिए हैं। जांच के बाद ही सहायक नर्स की ड्यूटी भेजेंगे। उप स्वास्थ्य केंद्र में ताला लगे होने और वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की जानकारी सही पाने पर ही कार्रवाई की जाएगी।