रीवा में अभय मिश्रा के बयान के खिलाफ महिलाओं का विरोध: SP कार्यालय में सौंपा ज्ञापन; FIR की मांग

रीवा। कांग्रेस के सेमरिया विधायक अभय मिश्रा के आपत्तिजनक बयान को लेकर रीवा में महिलाओं ने विरोध जताते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि विधायक अभय मिश्रा द्वारा सार्वजनिक रूप से मृत महिलाओं के साथ मुर्दाघर में दुष्कर्म किए जाने जैसी आपत्तिजनक एवं अमर्यादित बात कही गई।
महिलाओं का कहना है कि इस तरह की भाषा से महिला समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और सार्वजनिक जीवन की मर्यादा पर भी सवाल खड़े होते हैं।
महिलाओं का सम्मान राजनीतिक का विषय नहीं
ज्ञापन में कहा गया कि महिलाओं की गरिमा और सम्मान किसी राजनीतिक विवाद का विषय नहीं, बल्कि कानून और समाज के सम्मान से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। महिलाओं ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध किसी राजनीतिक प्रतिशोध के उद्देश्य से नहीं, बल्कि महिला सम्मान और कानून के शासन की रक्षा के लिए है।
तत्काल FIR दर्ज हो
महिलाओं ने पुलिस से मांग की कि विधायक के बयान पर तत्काल संज्ञान लेकर भारतीय न्याय संहिता एवं अन्य लागू कानूनों के तहत FIR दर्ज की जाए। साथ ही बयान से संबंधित मूल वीडियो, ऑडियो, सोशल मीडिया पोस्ट एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित कर निष्पक्ष जांच की जाए।