| | |

रीवा में 20 दिन बाद कब्र से निकाला शव: हत्या की आशंका; पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा

रीवा। रीवा में मौत के 20 दिन बाद पुलिस ने शव को कब्र से निकाला है। उसे दोबारा पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस कार्रवाई करेगी।

घटना बिछिया थाना क्षेत्र की है। कुठुलिया मोहल्ला में रहने वाले मोहम्मद लुकमान (42) की 9-10 जुलाई की रात मौत हो गई थी। उस समय परिजनों ने सामान्य मौत समझकर बिना पोस्टमार्टम के पैतृक गांव बैकुण्ठपुर स्थित कब्रिस्तान में शव को दफना दिया था।

परिवार ने मौत पर जताया संदेह
अब घटना के 20 दिन बाद परिजन बिछिया थाने पहुंचे। मोहम्मद लुकमान की मौत पर संदेह जताया। निष्पक्ष जांच के लिए पोस्टमार्टम कराने की मांग की। उन्हें आशंका है कि लुकमान की मौत स्वाभाविक नहीं थी। इसके पीछे कोई आपराधिक कारण हो सकता है।

परिजनों के आवेदन के बाद कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गई है। संबंधित SDM से अनुमति मिलने के बाद कब्रिस्तान से शव को बाहर निकला गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। यदि रिपोर्ट में आपराधिक रिकॉर्ड मिलते हैं तो मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
– अंकिता मिश्रा, थाना प्रभारी, बिछिया

अभी किसी पर आरोप नहीं
मृतक के भाई मोहम्मद दाऊद ने कहा- लुकमान की मौत पर गंभीर संदेह है। हालांकि उन्होंने किसी भी व्यक्ति पर सीधे तौर पर आरोप नहीं लगाया है। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम और पुलिस जांच से ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।

 

Share