टी20 विश्व कप के बीच रिंकू सिंह पर टूटा दुखों का पहाड़, पिता का लीवर कैंसर से निधन

भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज़ रिंकू सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पिता खचंद्र सिंह का आज सुबह करीब 4 बजकर 36 मिनट पर स्टेज-4 लीवर कैंसर से लंबी जंग के बाद निधन हो गया। उन्होंने ग्रेटर नोएडा स्थित यथार्थ अस्पताल में अंतिम सांस ली, जहां उनका इलाज चल रहा था।
परिजनों के अनुसार, खचंद्र सिंह पिछले कुछ समय से गंभीर रूप से बीमार थे और वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी हालत स्थिर करने की कोशिश कर रही थी और उन्हें रीनल थेरेपी भी दी जा रही थी, लेकिन गहन उपचार के बावजूद उनकी सेहत में सुधार नहीं हो सका।
यह दुखद घटना ऐसे समय सामने आई है जब रिंकू सिंह भारतीय टीम के साथ टी20 विश्व कप में व्यस्त थे। जानकारी के मुताबिक, जिम्बाब्बे के खिलाफ सुपर 8 मुकाबले से पहले जब उनके पिता की तबीयत बिगड़ी थी, तब रिंकू घर लौटे थे। बाद में वह चेन्नई में टीम से दोबारा जुड़ गए थे, लेकिन पिता के निधन की खबर मिलने के बाद अब वह फिर से घर लौट गए हैं।
जिम्बाब्बे के खिलाफ मुकाबले में रिंकू सिंह अंतिम एकादश का हिस्सा नहीं थे। टीम संयोजन में बदलाव करते हुए संजू सैमसन और अक्षर पटेल को मौका दिया गया था। हालांकि रिंकू टीम के साथ बतौर स्थानापन्न खिलाड़ी मौजूद रहे। टूर्नामेंट में अब तक उन्होंने पांच मुकाबले खेले हैं और फिनिशर की भूमिका निभाते हुए 24 रन बनाए हैं।
अब भारत को कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ अहम मुकाबला खेलना है, जिसे लगभग नॉकआउट माना जा रहा है। ऐसे में रिंकू सिंह की उपलब्धता को लेकर फिलहाल संशय बना हुआ है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड या टीम प्रबंधन की ओर से अभी तक उनकी वापसी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने भी रिंकू सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह समय रिंकू और उनके परिवार के लिए बेहद कठिन है और उनकी प्रार्थनाएं परिवार के साथ हैं।
रिंकू सिंह के इस निजी दुख के बीच पूरा क्रिकेट जगत उनके साथ खड़ा नजर आ रहा है। खिलाड़ी, प्रशंसक और खेल जगत से जुड़े लोग लगातार सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि और संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।






