रिटायर्ड कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन, पेंशन व कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ उठाई आवाज

हरियाणा के Hisar में सरकारी पेंशनर्ज फेडरेशन के आह्वान पर रिटायर्ड कर्मचारी संघ ने अपनी मांगों को लेकर तथा राज्य व केंद्र सरकार की कथित कर्मचारी विरोधी नीतियों के विरोध में उपायुक्त कार्यालय के समक्ष रोष प्रदर्शन किया। मंगलवार को आयोजित इस प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मनोहर लाल जाखड़ ने की, जबकि संचालन जिला सचिव नरेश कुमार गौतम ने किया।
प्रदर्शन के दौरान राज्य उपप्रधान निर्मला देवी ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि केंद्र में सत्तारूढ़ Bharatiya Janata Party सरकार पूर्व में प्राप्त अधिकारों को धीरे-धीरे समाप्त कर रही है। उन्होंने कहा कि आठवें वेतन आयोग के लाभ रिटायर्ड कर्मचारियों पर लागू नहीं किए जा रहे हैं और पुरानी पेंशन योजना को समाप्त कर नई यूनाइटेड पेंशन स्कीम लागू करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि एलटीसी से जुड़ी पुरानी व्यवस्था को फिर से लागू करने, कैशलेस मेडिकल सुविधा उपलब्ध न कराने और श्रम कानूनों में बदलाव जैसे कदम कर्मचारियों के हितों के खिलाफ हैं, जिनसे कर्मचारी संगठनों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं रमेश आहुजा और जगदीश चंद्र बिश्नोई ने कहा कि जहां विधायकों और सांसदों के वेतन व भत्तों में नियमित वृद्धि होती रहती है, वहीं कर्मचारियों को 10-10 वर्षों तक इंतजार करना पड़ता है।
इस मौके पर बताया गया कि हिसार के अलावा पूरे प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी इसी तरह के प्रदर्शन किए गए। प्रदर्शन के बाद उपायुक्तों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजे गए।
कार्यक्रम को जयबीर सिंह, ओमप्रकाश झाझड़िया, नानक देव रानोलिया, श्योचंद राम घोड़ेला, अशोक सैनी, अशोक अठवाल, प्रदीप जांगड़ा, सूबेसिंह, जयसिंह और जसवंत सिंह सहित कई अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।






