| |

भारत में कुल खाद्यान्न उत्पादन में 8% की रिकॉर्ड वृद्धि: कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान

देश में कृषि क्षेत्र से जुड़ी एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की गई है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि वर्ष 2024-25 में कुल खाद्यान्न उत्पादन में आठ प्रतिशत की रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज हुई है। नई दिल्ली में अंतिम फसल अनुमान जारी करते हुए उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सरकार की किसान-केंद्रित नीतियों और बेहतर खेती तकनीकों के तेजी से अपनाए जाने का परिणाम है।

कृषि मंत्री ने बताया कि पिछले दस वर्षों में देश के कुल खाद्यान्न उत्पादन में 106 मिलियन टन से अधिक की वृद्धि हुई है। इस दौरान धान उत्पादन में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। पिछले वर्ष के 1,378 लाख टन की तुलना में इस वर्ष धान उत्पादन 1,501 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच गया है, जो कृषि क्षेत्र की निरंतर मजबूती को दर्शाता है।

गेहूँ उत्पादन में भी बड़ा उछाल देखने को मिला है। मंत्री चौहान के अनुसार, गेहूँ का उत्पादन पिछले वर्ष के 132 लाख टन से बढ़कर 46.53 लाख टन की वृद्धि के साथ नए उच्च स्तर पर पहुंचा है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि अनुकूल मौसम, उन्नत बीज और किसानों को दी जा रही प्रोत्साहन योजनाएँ इस सफलता की प्रमुख वजह हैं।

उन्होंने बताया कि अरहर, उड़द, चना और मूंग जैसी दालों की खरीद में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का लाभ किसानों तक तेजी से पहुँच रहा है। सरकार द्वारा खरीदी बढ़ाने से किसानों की आय में सुधार हो रहा है और देश में दाल उत्पादन की स्थिरता भी सुनिश्चित हो रही है।

कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार कृषि और किसानों को सर्वोच्च महत्व देते हुए लगातार सुधार और निवेश कर रही है। आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और फसल विविधीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि देश का कृषि क्षेत्र और अधिक सशक्त हो सके।

Share

Similar Posts