आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति की बैठक आज से शुरू, शुक्रवार को आएगा फैसला

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) आज से शुक्रवार तक अपनी मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक करेगा। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा की अगुवाई वाली छह सदस्यीय समिति का नीतिगत फैसला शुक्रवार को सार्वजनिक किया जाएगा।
अर्थशास्त्रियों का मानना है कि इस बार एमपीसी नीति दरों में किसी नई कटौती से विराम ले सकती है। इसके बजाय केंद्रीय बैंक का फोकस तरलता प्रबंधन, मुद्रा संबंधी जोखिमों से निपटने और बॉन्ड बाजारों में स्थिरता बनाए रखने पर रह सकता है।
गौरतलब है कि फरवरी 2025 के बाद से आरबीआई अब तक 125 आधार अंकों की कटौती कर रेपो दर को 5.25 प्रतिशत के स्तर पर ला चुका है। पिछली बार दिसंबर 2025 में ब्याज दरों में कटौती की गई थी। मौजूदा आर्थिक संकेतकों को देखते हुए विशेषज्ञों का कहना है कि फरवरी में दोबारा दर कटौती की संभावना कम है।
बाजार की नजरें अब आरबीआई के आगे के संकेतों पर टिकी हैं, खासकर यह जानने के लिए कि केंद्रीय बैंक आगे महंगाई, विकास और वित्तीय स्थिरता के बीच किस तरह संतुलन साधता है।






