| |

रतलाम में राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में लगी आग, 68 यात्री सुरक्षित; दिल्ली-मुंबई रेल यातायात प्रभावित

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार तड़के त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12431) के एसी कोच में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसा आलोट क्षेत्र में लूणी रीछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुआ। आग बी-1 एसी कोच में लगी, जिसमें उस समय 68 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 5:15 से 5:30 बजे के बीच हुई। ट्रेन रतलाम जंक्शन से रात करीब 3:45 बजे रवाना हुई थी और उसका अगला स्टॉप कोटा जंक्शन था, लेकिन राजस्थान सीमा में प्रवेश करने से पहले ही हादसा हो गया।

गार्ड की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन के गार्ड ने सबसे पहले बी-1 कोच से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। उन्होंने तुरंत लोको पायलट को सूचना दी, जिसके बाद इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी गई। रेलवे स्टाफ ने तेजी दिखाते हुए करीब 15 मिनट के भीतर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और उन्हें अन्य डिब्बों में शिफ्ट किया गया। प्रारंभिक जानकारी में दो डिब्बों के प्रभावित होने की बात सामने आई है।

रेलवे और दमकल विभाग ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। सुबह 5:20 बजे रतलाम कंट्रोल रूम को सूचना मिलने के बाद एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (ART), मेडिकल रिलीफ इकाई (ARME) और टावर वैगन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। रतलाम रेल मंडल के डीआरएम अश्विनी कुमार भी अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे।

राहत कार्य के दौरान प्रभावित कोच की बिजली काटकर उसे ट्रेन से अलग किया गया, ताकि आग अन्य डिब्बों तक न फैले। इस घटना का असर दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर भी पड़ा और सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित हुआ। कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोका गया।

यात्रियों के लिए राहत व्यवस्था

रेलवे प्रशासन ने प्रभावित यात्रियों के लिए भोजन और पेयजल की व्यवस्था की। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों को अन्य कोचों में समायोजित कर कोटा तक पहुंचाया जाएगा, जहां अतिरिक्त कोच जोड़कर उन्हें आगे दिल्ली भेजने की तैयारी की जा रही है।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू

रेलवे अधिकारियों ने प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह बताया है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी। सीनियर डीसीएम सौरभ जैन ने कहा कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी और तकनीकी टीम आग के कारणों की पड़ताल कर रही है।

रतलाम रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और रेलवे प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। यात्रियों ने रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता और त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन की सराहना करते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।

Share

Similar Posts