रणवीर सिंह का बड़ा संकल्प: 1000 बेटियों की पढ़ाई में करेंगे मदद; लालबागचा राजा के किए दर्शन

मुंबई। एक्टर रणवीर सिंह शुक्रवार को मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा पंडाल पहुंचे। उन्होंने गणपति बप्पा के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। इस दौरान रणवीर ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 1000 बेटियों की पढ़ाई में मदद करने का संकल्प लिया।

दर्शन के बाद रणवीर ने फैंस के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। उन्होंने कहा कि पिछले साल उनके और उनके परिवार के लिए खुशियों से भरा रहा। इसलिए वह बप्पा को धन्यवाद देने और आगे के सफर के लिए उनका आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं।

बप्पा का आशीर्वाद लेने आया हूं
रणवीर सिंह ने कहा कि लालबागचा राजा के दर्शन कर उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने बताया कि बप्पा की कृपा से बीता साल उनके और उनके परिवार के लिए खुशियों से भरा रहा। इसी वजह से वह बप्पा का धन्यवाद करने और अपने आने वाले जीवन व काम के सफर के लिए उनका आशीर्वाद लेने पहुंचे थे।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर वह ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जुड़े हैं। इस अभियान के तहत उन्होंने 1000 बेटियों की पढ़ाई में मदद करने का संकल्प लिया है। रणवीर ने उम्मीद जताई कि इस पहल से बप्पा प्रसन्न होंगे और उनका आशीर्वाद हमेशा बना रहेगा।

17 सितंबर से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान
‘सेवा संकल्प अभियान’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 साल पूरे होने के अवसर पर शुरू किया गया है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस अभियान के तहत लोग अपनी पसंद के अनुसार अलग-अलग तरह की सेवा का संकल्प ले सकते हैं।

आलिया भट्ट और रणबीर कपूर भी जुड़े
रणवीर सिंह के अलावा आलिया भट्ट और रणबीर कपूर भी इस अभियान से जुड़े हैं। दोनों ने 20 स्कूलों के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया है। आलिया ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘सेवा संकल्प अभियान’ की भी तारीफ की। आलिया ने इसे समाज के लिए कुछ करने और मिलकर काम करने की सोच बताया।

एंटीलिया में गणेश आरती में भी शामिल हुए थे रणवीर
लालबागचा राजा के दर्शन से पहले रणवीर सिंह अंबानी परिवार के घर एंटीलिया में आयोजित गणेशोत्सव में भी शामिल हुए थे। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। वीडियो में रणवीर सिंह और शाहरुख खान, नीता अंबानी के साथ गणपति की आरती करते नजर आए।

रणवीर इस दौरान सफेद कुर्ते-पायजामे में दिखे। वहीं शाहरुख खान सफेद शर्ट और ब्लैक ट्राउजर में नजर आए। नीता अंबानी दोनों के साथ खड़ी होकर पूजा करती दिखीं।

Share