| | | |

इंदौर के गांधी हॉल में ‘गूंज ऑफ यूथ’ का आयोजन: युवाओं ने कला और अभिव्यक्ति के जरिए रखी अपनी बात; तैयारियां तेज 

इंदौर। 19 सितंबर को रीजनल पार्क क्षेत्र स्थित भारत जोड़ो मैदान में होने वाले “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम से पहले, शुक्रवार को गांधी हॉल परिसर स्थित अभिनव कला समाज में “गूंज ऑफ यूथ” का एक रचनात्मक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में चित्रकार, शायर, सिंगर और स्टैंड-अप कॉमेडियन समेत विभिन्न रचनात्मक क्षेत्रों से ताल्लुक रखने वाले युवाओं ने बड़े पैमाने पर हिस्सा लिया।
कला और संगीत के माध्यम से उठी आवाज
कार्यक्रम के दौरान “कैनवास पर गूंज” और “संगीत में आवाज़” जैसी विशेष प्रस्तुतियों के जरिए युवाओं ने अपनी कल्पनाओं, विचारों और तीखे सवालों को कलात्मक रूप से अभिव्यक्त किया। आयोजकों अमित चौरसिया, महक नागर चिंकी और सरफराज अंसारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य शहर के युवाओं और विद्यार्थियों को उनकी अपनी प्रतिभा के माध्यम से आगामी “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम से जोड़ना है।
शिक्षा, रोजगार और अन्य मुद्दों पर संवाद
इस रचनात्मक मंच पर सिर्फ कला ही नहीं, बल्कि गंभीर मुद्दों पर भी खुलकर चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने शिक्षा, रोजगार, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, पेपर लीक जैसी समस्याओं, कौशल विकास, उच्च शिक्षा और युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे और संवाद किया। इस पूरी सृजनात्मक प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और स्थानीय कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
Share