|

रक्षाबंधन पर सिकल सेल वॉरियर्स के घर पहुंचे कलेक्टर: बच्चों से बंधवाई राखी; स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं

झाबुआ। रक्षाबंधन के पर्व पर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने सिकल सेल से प्रभावित बच्चों के साथ आत्मीयता से त्योहार मनाया। कलेक्टर अपने परिवार के साथ डुंगराधन्ना निवासी सिकल सेल वॉरियर हार्दिक सिंगाड़िया और रिशिता सिंगाड़िया के घर पहुंचे। यहां बच्चों ने उन्हें राखी बांधी। कलेक्टर ने बच्चों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, खुशहाल और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

बच्चों के स्वास्थ्य और उपचार की ली जानकारी, कलेक्टर ने बच्चों और उनके परिजनों से सहज बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, उपचार और नियमित देखभाल की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि ‘सिकल सेल मित्र’ बनना केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि बच्चों और उनके परिवारों के सुख-दुःख में सहभागी बनने की पहल है। जिला प्रशासन सिकल सेल प्रभावित बच्चों के उपचार और जरूरी सहयोग के लिए हमेशा तत्पर रहेगा।

सिकल सेल वाहक बच्चों को भी घर बुलाया
इसी क्रम में कलेक्टर ने आमली फलिया निवासी सिकल सेल वाहक पायल वाखला और विजय वाखला को भी रक्षाबंधन मनाने के लिए अपने निवास पर आमंत्रित किया। यहां बच्चों के साथ आत्मीय वातावरण में रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया और उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।

 

सिकल सेल मित्रों से नियमित संपर्क रखने की अपील
कलेक्टर डॉ. भरसट ने जिले के अन्य ‘सिकल सेल मित्रों’ से भी अपने से जुड़े सिकल सेल वॉरियर्स और वाहकों के साथ नियमित संपर्क रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी लेना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि त्योहारों और विशेष अवसरों पर उनके साथ समय बिताकर उनका उत्साह बढ़ाना भी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि संवेदनशीलता और आत्मीयता के साथ सिकल सेल मित्र अपनी भूमिका निभाएं, ताकि प्रभावित बच्चों और उनके परिवारों को यह विश्वास रहे कि वे अकेले नहीं हैं और जिला प्रशासन उनके साथ खड़ा है।

Share