मेघालय में खेल और युवा विकास पर केंद्र का फोकस, रक्षा खडसे ने की योजनाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर की समीक्षा
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने शुक्रवार को मेघालय सरकार के साथ खेल और युवा विकास कार्यक्रमों की व्यापक समीक्षा बैठक की। इस दौरान खेल अवसंरचना, जमीनी स्तर पर प्रतिभा विकास, युवा भागीदारी और केंद्र-राज्य समन्वय को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में मेघालय के खेल पारिस्थितिकी तंत्र, खिलाड़ियों के विकास, खेल क्लबों और युवा सहभागिता कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। खासतौर पर राज्य में खेलों में भागीदारी बढ़ाने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर फोकस रहा।
900 खिलाड़ियों को मिल रही छात्रवृत्ति
राज्य सरकार ने बैठक में जानकारी दी कि राज्य खेल छात्रवृत्ति योजना के तहत वर्तमान में लगभग 900 खिलाड़ियों को सहायता दी जा रही है। इसके अलावा खेल क्लबों, संघों और खिलाड़ियों को समर्थन देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री फुटबॉल मिशन से 10 हजार खिलाड़ियों को लाभ
बैठक में मुख्यमंत्री फुटबॉल मिशन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण अमेरिकी फुटबॉल मॉडल से प्रेरित इस योजना के तहत मेघालय में 125 जमीनी केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जिससे करीब 10 हजार खिलाड़ी लाभान्वित हो रहे हैं।
राज्य सरकार के अनुसार, इस पहल से कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के फुटबॉल खिलाड़ी भी सामने आए हैं।
बड़े खेल प्रोजेक्ट्स की समीक्षा
बैठक में मावखानू फुटबॉल स्टेडियम की प्रगति पर चर्चा हुई, जिसे क्षेत्र के सबसे बड़े फुटबॉल स्टेडियमों में विकसित किया जा रहा है। इसे राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन समारोह के संभावित स्थल के रूप में भी देखा जा रहा है।
इसके अलावा उमसावली स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और उमथम स्थित स्लैलम कोर्स परियोजना की समीक्षा की गई। अधिकारियों के मुताबिक, उमथम का स्लैलम कोर्स देश की प्रमुख वाटर स्पोर्ट्स और प्रशिक्षण सुविधाओं में शामिल होने की ओर बढ़ रहा है।
युवाओं को ‘माई भारत’ पोर्टल से जोड़ने पर जोर
बैठक में ‘येस मेघालय’ योजना और ‘माई भारत’ पोर्टल के जरिए युवाओं को स्वैच्छिक सेवाओं और राष्ट्रीय खेलों जैसे बड़े आयोजनों में जोड़ने पर भी चर्चा हुई।
रक्षा खडसे ने खेलो इंडिया मान्यता प्राप्त अकादमियों को मजबूत करने और खेल अवसंरचना को खिलाड़ी विकास प्रणाली से जोड़ने की जरूरत बताई, ताकि उभरते खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिल सके।
उन्होंने कहा कि मेघालय और पूर्वोत्तर क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की अपार संभावनाएं हैं और केंद्र सरकार राज्य सरकार के साथ मिलकर खेल संस्कृति और युवा विकास को और मजबूत करने के लिए काम करती रहेगी।






